Press "Enter" to skip to content

राष्ट्रपिता के जन्मदिवस पर जेयू परिसर में हुआ स्वच्छता कार्यक्रम / Gwalior News

ग्वालियर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर शुकवार को जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रभारी कुलसचिव डॉ. आईके मंसूरी, डीसीडीसी डॉ. केशव सिंह गुर्जर और प्रॉक्टर प्रो. एसके सिंह ने मिलकर स्पोर्ट चौराहे और उसके आसपास सफाई कराई और मिलकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद विश्वविद्यालय के हेल्थ सेंटर परिसर में पौधरोपण भी किया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने इस दौरान सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता के एकता के संदेश को हम सभी को याद रखना चाहिए। हम जहां रहते हैं वहां की सफाई करना हमारा कर्तव्य होना चाहिए। इस अवसर पर प्रो. जीबीकेएस प्रसाद, डॉ. समीर भाग्यवंत, डॉ. केके सिजोरिया सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।  
एनएसएस ने भी कराए इवेंट
महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर जीवाजी विश्वविद्यालय के एनएसएस की ओर से भी कार्यक्रम कराए गए। जेयू एनएसएस समन्वयक डॉ. रविकांत अदालतवाले ने बताया कि राष्ट्रपिता के जन्मदिन पर जेयू एनएसएस की इकाइयों द्वारा अलग- अलग इवेंट कराए गए। इनमें ग्राम ओडपुरा में बस्तियों में जाकर एनएसएस वालंटियर्स द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। वालंटियर्स ने वहां के बच्चों व लोगों को व्यक्तिगत सफाई का संदेश दिया। इसके साथ ही भारतीय संविधान पर गांधीजी का प्रभाव विषय पर ऑनलाइन वेबिनार हुआ। गांधी साहित्य का ऑनलाइन वाचन भी हुआ, जिसमें गांधीजी द्वारा लिखित हिंद स्वराज पुस्तक से ‘भारत आत्म निर्भर कैसे बने’ का वाचन हुआ। गांधी दर्शन पर ऑनलाइन प्रश्नमंच प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें 1800 छात्रों ने भागीदारी की। एनएसएस इकाई द्वारा महात्मा गांधी पर निबंध प्रतियोगिता भी हुई। इसके अलावा गांधीजी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!