Press "Enter" to skip to content

पुलिस निकाल रहीं हवा कैसे करें व्यापार : सदर बाजार व्यापारी / Shivpuri News

शिवपुरी: कहीं तो व्यापारियों के वाहनों की हवा निकालकर उन्हें पुलिस परेशान कर रही है तो कहीं सामान भरकर आने वाले आपे वाहन चालक को बाजार में आने से रोका जा रहा है।

ऐसे में कैसे हम व्यापार करें। पुलिस सारी पाबंदी सदर बाजार में ही लगा रही है यह ठीक नहीं हैं। हम भी व्यापार कर परिवार का पोषण कर रहे हैं ऐसे में दुकानों के बाहर जोगियों द्वारा कब्जा करके दुकानें लगाई जा रही हैं और पुलिस इन पर कार्रवाई करने से बचती है और दुकानदारों को परेशान करती है। इसे दुकानदार कब तक बर्दाश्त करें। यह परेशानी शहर के सदर बाजार स्थित दुकानदारों ने व्यक्त करते हुए यातायात विभाग से सहयोग की अपेक्षा की ताकि वह भी त्योहार में अपना व्यवसाय कर सकें।

शहर के मुख्य बाजार में शुमार सदर बाजार में किराना, बर्तन और जनरल आइटम की दुकानें हैं। यहां मूलरुप से जो भी दुकानदार हैं वह अपने वाहनों को या तो दुकान से चिपकाकर खड़ा करते हैं या फिर घर से पैदल आते हैं। ऐेसे इन बाजार में आने वाले ग्राहक के साथ दुकानदारों को भी परेशानी होती है। इसका कारण यह है कि यहां रास्ता संकरा है और यातायात विभाग ने वाहनों के निकलने पर पाबंदी लगा दी है। इसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। एक तो ग्राहक दुकान पर वाहन के साथ नहीं पहुंच पा रहा और दूसरा दुकान का आने वाला सामान भी आपे वाहन से यहां जाने नहीं दिया जा रहा। इससे दुकानदार जहां माल की आवक के लिए परेशान हैं वहीं दुकानदार उपभोक्ताओं को सामान नहीं दे पा रहे हैं। त्योहार के सीजन में ही दुकानों से ग्राहकी ज्यादा होती हैं, उस पर यातायात विभाग द्वारा सदर बाजार में दोपहिया वाहनों के साथ सामान भरकर आने वाले आपे वाहनों को भी रोका जा रहा है। जो परेशानी का सबब है।

परेशानी : दुकानें वैसे ही संकुचित मार्ग पर और यातायात ने लगाई पाबंदी
सदर बाजार के दुकानदारों का आरोप है कि वैसे ही सदर बाजार में कम जगह है, लेकिन यातायात विभाग को सिर्फ स्थायी दुकानदारों के वाहन और उनके यहां आने वाले ग्राहक ही कार्रवाई के लिए नजर आते हैं। वह इन दुकानों के बाहर ठेला लगाकर व्यापार करने वाले जोगी पटवाओं को नहीं देखते। अब तो सदर बाजार में इन पटवा दुकानों ने अपनी दुकानें सजा ली है। यातायात इससे अवरुद्ध् होता है। दुकानदार तो यहां महज अपने ग्राहकों का इंतजार करते हैं और उनके दोपहिया वाहनों से ग्राहक यहां आता है तो वाहन की हवा निकाल दी जाती है। ट्रांसपोर्ट से आपे से सामान आता है तो उसे अंदर प्रवेश नहीं दिया जाता।ऐसे में हम कैसे अपना व्यापार करें। दुकानदारों ने एसपी राजेश सिंह चंदेल से इस मामलें में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।

हमारी दुकानें हटा दी, अब कैसे चलाएं घर
सदर बाजार के बाहर फुटपाथ पर दुकान लगाकर अपना व्यापार करने वाले जोगी पटवा सदस्यों का कहना था कि हम 30 साल से यहां दुकानें लगा रहे हैँ। हमें पुलिस ने पहले यहां से हटा दिया। पर नई जगह अभी तक नहीं दी। आखिर हम जाएं तो कहां जाएं। त्योहार में कुछ बेच लेंगे तो दो पैसा बच्चों के लिए हम भी कमा लेंगे। पर यहां के व्यापारी हमें हटाने पर तुले हैं।

हवा निकालना गलत
हम तो दुकान से सटाकर अपने वाहनों को रखते हैं। यहां पर पुलिस कर्मी आते हैं और उनकी हवा निकाल देते हैं। यह गलत तरीका है। इस माल से भरे वाहनों को चौराहे के बाहर रोक दिया जाता है। इससे यहां के सारे व्यापारियों को परेशानी होती है।
रामू अग्रवाल, नारियल विक्रेता,सदर बाजार

पटवाओं की हटाओ
यातायात विभाग उन जोगी पटवाओं को यहां से नहीं हटाता जो अवैध रुप से यहां बैठे हैं। जाम के हालात इनकी वजह से बनते हैं। प्रशासन के हम सहयोगी हैं इसलिए प्रशासन को व्यापारियों की सुनवाई भी करना चाहिए ताकि त्योहार के समय हम सही ढंग से व्यापार कर सकें।
आदर्श जैन, किराना व्यवसायी सदर बाजार

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!