Press "Enter" to skip to content

जड़ीबूटी के गोदाम पर पुलिस और वन विभाग का छापा, लाखों की छाल बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के कृष्णपुरम कॉलोनी में स्थित ऋषि हर्ष फर्म पर पुलिस और वन विभाग ने छापा मारकर वहां से लाखों रूपए कीमत की छाल बरामद की है और गोदाम सील कर दिया है। उक्त छाल व्यापारी वन क्षेत्र से बिना अनुमति चोरी छिपे लाता था और छाल विक्रय पर प्रतिबंध होने के बावजूद भी उसे बाजार में ऊंची कीमत पर बेचता था। व्यापारी राजेन्द्र गोयल और उसके पुत्र नीतेश गोयल, रवि गोयल व सोनू गोयल ने वन टीम के साथ रात में धक्का मुक्की की थी और वन टीम को कार्रवाई करने से रोक दिया था। इसे लेकर कोतवाली पुलिस ने डिप्टी रेंजर आशीष समाधिया की रिपोर्ट पर से चारों आरोपियों पर भादवि की धारा 353, 294, 506 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं वन विभाग ने गोदाम से छाल जप्त कर फर्म संचालक सोनू गुप्ता के खिलाफ जैव विविधता अधिनियम के तहत पृथक से कार्रवाई की है।
डिप्टी रेंजर आशीष समाधिया ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि में उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ऑटो में वन क्षेत्र से छाल के बोरे भरकर कृष्णपुरम कॉलोनी में स्थित ऋषि हर्ष फर्म के गोदाम पर लाया जा रहा है। इस सूचना पर वह स्वयं और उनकी टीम ने उक्त ऑटो का पीछा किया जो कृष्णपुरम कॉलोनी में स्थित गोदाम पर रूका जहां उन्होंने मौके पर मौजूद राजेन्द्र गोयल, नीतेश गोयल, रवि गोयल और सोनू गोयल मिले जिन्होंने वन टीम को गोदाम में आने से रोक दिया और उनके साथ धक्का मुक्की कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद राजेन्द्र गोयल ने उक्त ऑटो से छाल निकलवाकर गोदाम में रखवा दी। आज सुबह उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस उनके साथ मौके पर आई जहां गोदाम में तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में प्रतिबंधित छाल अवैध रूप से रखी मिली जिसे जप्त कर लिया गया है जबकि वन विभाग ने भी पृथक रूप से मामले में कार्रवाई की है।
छाल विक्रय के लिए लायसेंस जरूरी
छाल के विक्रय पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। अगर किसी को छाल का व्यापार करना है तो उसे अनुमति लेना आवश्यक है और उसे बेचने के लिए लायसेंस दिया जाता है। डिप्टी रेंजर आशीष समाधिया का कहना है कि छाल विक्रय का लायसेंस बहुत ही विषम परिस्थिति में दिया जाता है, क्योंकि छाल का विक्रय करना पूर्णता प्रतिबंधित है। उक्त व्यापारी अवैध रूप से बिना अनुमति और लायसेंस के छाल का विक्रय कर उसकी कालाबाजारी करता था।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!