शिवपुरी। सीएमओ साहब…! आखिर कब तक आंखे बंद करे बैठे रहोगे। सड़क पर आवारा मवेशी धमाचौकड़ी कर रहे। आए दिन वाहन चालक, पैदल राहगीरों को घायल कर रहे हैं। कुछ तो ग्वालियर पहुंच गए तथा कुछ घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पिछले कुछ दिनों में आवारा मवेशियों के हमले बढ़ गए हैं। अब तो आंखे खोल लो सीएमओ साहब..! क्या किसी की मौत हो जाएगी तब आंखें खुलेंगी। एक तो पहले से ही शहर की जनता आपसे परेशान है। आप इनविजीवल मैन बने हुए बैठे हैं। मंत्री जी तक की आप नहीं सुनते।
नगर की जनता और सड़क पर चलने वाले राहगीर लंबे समय से आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी से परेशान हैं। यहां लगभग हर सड़क पर आवारा मवेशियों का आतंक है। शहर के मुख्य मार्ग से लेकर बस स्टैंड, सब्जी मंडी, गांधी चौक, गुरुद्धारा चौक, झाँसी तिराहा, गुना बायपास, थीम रोड पर इन आवारा मवेशियों का जमावड़ा सर्वाधिक देखने को मिलता है। सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं से आए दिन दुर्घटना होने से लोग परेशान हैं। ये मवेशी आए दिन आपस में भिड़ जाते हैं जिससे सड़क से निकलने वाले वाहन चालको में हादसों का भी डर बना रहता हैं। लेकिन स्थानीय प्रशासन का इस ओर बिलकुल भी ध्यान नहीं है। नगर पालिका परिषद के पास पशु वाहन तो हैं। परंतु नगर को अभी तक पशुओं के आतंक से निजात नहीं दिला पा रही है।
वाहन चालक होते हैं परेशान
मवेशियों का सबसे ज्यादा जमावड़ा सड़कों पर होता है। यहां पर लगभग पूरी सड़क पर मवेशी दिन भर खड़े रहते हैं तो कई मवेशी बीच सड़क पर ही बैठे रहते है। वाहन चालक हार्न भी बजाता है तब भी वे टस से मस नहीं होते। वाहन चालकों को नीचे उतरकर उन्हें सड़क किनारे करना पड़ता है, तभी वह आगे बढ़ते हैं। दिन हो या फिर रात यह मवेशी राहगीरों के लिए सबसे ज्यादा मुसीबत बने हुए हैं लेकिन प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान न दिए जाने से सब्जी व फल विक्रेता व राहगीरों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है
मवेशियों की वजह यह पहुंचे अस्पताल
आवारा मवेशियों की वजह से पिछले कुछ दिनों में कई लोग अस्पताल पहुंच गए और गंभीर फैक्चर हुए। वहीं किसी को ग्वालियर रैफर कर दिया गया।
— मुनेश पुत्र रामू रावत निवासी दर्रोनी 30 वर्ष आज किसी काम से शिवपुरी बस स्टैंड आ रहे थे तभी रेलवे पटरी के पास बीच सड़क पर सांड लड़ते—लड़ते बीच सड़क पर आ गए। इसी दौरान यहां से मुनेश गुजरा तो सांड मुनेश की बाइक से जा टकराए। जिससे वह घायल हो गया।
— शासकीय शिक्षक लक्ष्मीनारायण कुशवाह जो शनिवार को अपने बच्चों के साथ पुरानी शिवपुरी घर आ रहे थे तभी थीम रोड ग्वालियर वायपास पर अचानक मवेशी लड़ते हुए बाइक से जा टकराए। घटना में शिक्षक लक्ष्मीनारायण जमीन पर गिर गया। वह तो गनीमत रही कि बाइक पर इनके बच्चे व पत्नी बैठी हुए थी वह बच गए लेकिन शिक्षक के घुटने में फैक्चर हो गया और वह ग्वालियर रैफर हो गया।
— एसपी आफिस में पदस्थ महिला एएसआई परिवार के साथ अपनी कार में सवार होकर कहीं से आ रही थीं। इसी दौरान कार अचानक मवेशी आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार कई गुलाटें खाते हुए सड़क किनारे रखी सर्विस सेंटर की स्टाल में जा घुसी। बताया जा रहा है कि कार में पांच लोग सवार थे और सभी घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया।






Be First to Comment