शिवपुरी. शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्यों का सारणीकरण पूरा हो गया। सभी जगह विजेताओं की तस्वीर साफ हो गयी है। चुने गए जिला पंचायत सदस्यों में कुछ रोचक मामले भी सामने आ रहे हैं। सास, बहू और बेटी तीनों ने ही जिला पंचायत में जीत दर्ज की है। सास और बहू शिवपुरी जिले में जिला पंचायत सदस्य बनी हैं तो वहीं बेटी गुना में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आयी हैं। एक और खास बात है कि बहू की उम्र महज 22 वर्ष है और वह संभवतः प्रदेश में सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य बनी है। वहीं बेटी गुना जिले में सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए है।
दरअसल, शिवपुरी के पडोरा में रहने वाले रावत परिवार से तीन सदस्य चुनाव जीते हैं। शिवपुरी के वार्ड क्रमांक 24 से पुष्पांजलि रावत जिला पंचायत सदस्य बनी हैं। वहीं वार्ड 6 से भारती रावत सदस्य का चुनाव जीती हैं। इसी तरह आरती मीना गुना जिला पंचायत के वार्ड 9 से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इन तीनों का आपस में सास, बहू और बेटी का रिश्ता है।
पुष्पांजलि रावत भारती की चाची सास हैं। भारती उनके भतीजे की पत्नी हैं। वहीं आरती इनकी ननद है और पुष्पांजलि उनकी चाची हैं। इस तरह तीनों का रिश्ता आपस में सास, बहू और बेटी का है। भारती की शादी इस परिवार में कुछ समय पहले ही हुई है। वहीं आरती की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पहले गुना के मीना परिवार में हुई है। आरती के ससुर विट्ठलदास मीना सिंधिया के करीबी माने जाते हैं। वह खुद भी जिला पंचायत उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य
शिवपुरी के वार्ड 6 से जीतीं भारती यादव संभवतः प्रदेश की सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य बनी हैं। घोषणा पत्र के अनुसार उनकी उम्र महज 22 वर्ष है। वहीं आरती मीना गुना जिले में सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उनकी उम्र 25 वर्ष है। साथ ही गुना में उन्हें सबसे ज्यादा वोट भी मिले हैं। उन्हें 17 हजार से ज्यादा मत प्राप्त हुए, जो जिले में सबसे ज्यादा है।






Be First to Comment