शिवपुरी। शिवपुरी के कोतवाली थानांतर्गत वार्ड क्रमांक 10 मे मंगलवार सुबह कुछ लोग कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में बाल्टी में प्रचार सामग्री सहित शराब और रुपए रखकर शहर में घूम रहे थे। जिन्हें कृष्णपुरम कालोनी में तालाब की पार पर निर्दलाय प्रत्याशी के समर्थकों ने पकड़ लिया। प्रचार सामग्री के साथ पकड़े गए समर्थकों पर आरोप लगाए गए कि वह वोट के बदले नोट और शराब बांट रहे थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों से रुपए और शराब की बोतलें जब्त कर गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा शर्मा के पति गोपाल शर्मा के अनुसार मंगलवार की सुबह वार्ड क्रमांक-10 की निर्दलीय प्रत्याशी रूकमणि के पति रंजीत सिंह रावत व समर्थक वार्ड में उनके पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी बबीता अनिल शर्मा के समर्थक तालाब की पार पर दिखाई दिए। उनके पास कुछ लोग भी खड़े हुए थे, रंजीत सिंह रावत को बबीता के समर्थकों की गतिविधि कुछ संदिग्ध प्रतीत हुई तो वह तालाब की पार पर पहुंचे। आरोप है कि बबीता अनिल शर्मा के समर्थक बृजेश शर्मा दाढ़ी, महेश शर्मा, धर्मेन्द्र भार्गव, हरिओम जाटव वोटरों को वोट के बदले नोट और शराब बांट रहे थे।
कई लोग पैसा और शराब ले जा चुके थे। बकौल गोपाल इसके बाद रंजित ने बबीता के समर्थकों को अपने घर पर बिठा लिया और उन्हें फोन पर मामले की जानकारी दी। वह माैके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया और अपने साथ थाने ले आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
इस पूरे मामलें में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी का कहना है कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि तालाब की पार पर कुछ लोग वोट के बदले शराब और पैसा बांट रहे हैं। उक्त सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आराेपितों को पकड़ कर थाने ले आई है। आरोपितों के पास से ढाई हजार रुपये नगद और देशी शराब के क्वार्टर बरामद हुए हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है।






Be First to Comment