ग्वालियर: 15.01.2021 / शहर के कंपू आमखो इलाके में स्थित नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय 12 में सनसनीखेज चोरी होने की घटना सामने आई है जिसमें आधी रात को अज्ञात बदमाशों ने ताले तोड़कर कंप्यूटर की-बोर्ड और सीपीयू सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब कर दिए ।खास बात यह है कि वार्ड क्रमांक 45और 56 के लोगों का समग्र आईडी डाटा और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी कंप्यूटर में लोड थी। इस कारण यह डाटा सरकारी लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण था। पता चला है कि आमखो पानी की टंकी के पीछे बने इस क्षेत्रीय कार्यालय में बीते रोज स्टाफ के जाने के बाद आधी रात को किसी ने ताला तोड़ा है और यहां से कंप्यूटर उपकरण गायब किए हैं।
इस चोरी में किसी जानकार व्यक्ति के शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है ।आधी रात को चार ताले तोड़ने के बाद चोर
इत्मीनान से भीतर घुसे और उन्होंने सिर्फ कंप्यूटर और उससे जुड़े सामान को ही हाथ लगाया। इसके अलावा किसी अन्य चीज को उन्होंने छेड़ा तक नहीं है इसलिए इस मामले में किसी जानकार व्यक्ति के शामिल होने की संभावना जताई गई है।




