Press "Enter" to skip to content

मधुमक्खियों का हमला:मधुमक्खियों ने इतने डंक मारे कि बेहोश हो गया युवक, पिता भी जख्मी / Pohari News

पोहरी। पोहरी के देवरीखुर्द से आ रहे पिता-पुत्र शिवपुरी शहर से 10 किमी पहले गिर्राज होटल पर पानी पीने के लिए रुके, तभी मधुमक्खियों ने युवक पर हमला कर दिया। घटना शनिवार दाेपहर करीब डेढ़ बजे की है। मधुमक्खियां करीब 50 मिनट तक युवक काे घेरे रहीं।

इस दौरान इतने डंक मारे कि वह बेहोश तक हो गया। बचाने की कोशिश में पिता और एक अन्य बाइक सवार को भी मधुमक्खियों ने डंक मारकर जख्मी कर दिया। एंबुलेंस के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) ने पीपीई किट पहनकर युवक को बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक ग्राम देवरीखुर्द पाेहरी निवासी गजेंद्र जाटव (22) शनिवार काे अपने पिता कंचन (50) पुत्र जगनूराम जाटव के साथ बाइक से शिवपुरी आ रहा था।

शिवपुरी शहर से करीब 10 किमी पहले गिर्राज होटल पर वे पानी पीने के लिए रुक गए। दोपहर करीब 1.30 बजे गजेंद्र पानी पीने के लिए टंकी की तरफ गया, तभी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। बड़ी संख्या में आईं मधुमक्खियों ने ऐसा घेरा कि युवक गजेंद्र को इधर-उधर भागने तक का मौका नहीं मिला। बेटे को बचाने आए पिता कंचन जाटव पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। बड़ी संख्या में मधुमक्खियों को देखकर होटल पर माैजूद लोग भी भाग गए। कुछ देर बाद बाइक से गुजर रहे प्रमोद कुमार ओझा (35) पुत्र चिरोंजीलाल ओझा निवासी परिच्छा ने गजेंद्र को मधुमक्खियों से घिरा देखा तो वह बाइक रोककर उसके पास पहुंचा लेकिन मधुमक्खियों ने प्रमोद पर भी हमला कर दिया। प्रमोद ने भागकर जान बचाई।

गजेंद्र अस्पताल में भी बेहोश, कपड़े उतारे तो कई मधुमक्खियां निकलीं
अस्पताल में पहुंचने पर गजेंद्र, उसके पिता कंचन व युवक प्रमोद ओझा काे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। गजेंद्र देर शाम तक होश में नहीं आ सका था। गजेंद्र के चेहरे, गर्दन, हाथ सहित पूरे शरीर में मधुमक्खियों के डंक लगे हैं, जिन्हें निकाला गया। कपड़े उतारने पर कई मधुमक्खियां निकलीं। हालांकि अस्पताल में इन मधुमक्खियों ने किसी पर हमला नहीं किया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!