Press "Enter" to skip to content

ग्वालियर: ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने शहर विकास के संबंध में की कलेक्टर एसपी एवं निगम आयुक्त से चर्चा / Gwalior News

ग्वालियर। 24.01. 2021/ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, राशन के लिये पात्रता पर्ची के साथ ही शासन की 
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को बिना परेशानी के मिले, ऐसी व्यवस्था बनाई जाए। मंत्री श्री तोमर ने रविवार को गांधी रोड़ सर्किट हाउस पर कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी और नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा से शहर विकास के संबंध में चर्चा के दौरान यह बात कही। 
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सम्पूर्ण जिले में सामाजिक सुरक्षा, वृद्धावस्था पेंशन के साथ-साथ शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र लोगों को लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय दफ्तरों के चक्कर लगाकर योजना का लाभ प्राप्त करें, इससे पहले सरकार के नुमाइंदे उनके घर पहुँचकर योजनाओं का लाभ पहुँचाएँ, यह प्रयास किया जाना चाहिए। 
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने चर्चा के दौरान आग्रह किया कि नगर निगम का अमला और महिला-बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकता अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से संपर्क करें और जो भी जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राही हैं उन्हें लाभ पहुँचाने का कार्य अभियान के रूप में किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जरूरतमंदों को अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों को पात्रता पर्ची मिले, जिससे उन्हें राशन की उपलब्धता हो सके। 
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने क्षेत्र विकास की चर्चा के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा से कहा कि क्षेत्र विकास के जो भी कार्य स्वीकृत हैं उन्हें तो प्रारंभ किया ही जाए, इसके साथ ही जो कार्य किए जा रहे हैं उनमें पूर्ण गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए कार्य तेजी से हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि नगर निगम द्वारा अमृत परियोजनाओं एवं अन्य योजनाओं के तहत जो उद्यान विकसित किए गए हैं उनके संधारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। 
चर्चा के दौरान शहर के चौराहों का विकास एवं शहर के प्रवेश द्वारों के निर्माण के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि बहोड़ापुर, उरवाई गेट और हजीरा चौराहे का विकास तेजी के साथ किया जाए। इन चौराहों को जन आकर्षण का केन्द्र कैसे बनाया जा सकता है, इस पर गंभीरता से कार्य किया जाए। 
गंदे पानी की शिकायतों का स्थायी निराकरण हो 
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर में कहीं भी गंदे पानी की शिकायत न मिले, ऐसी व्यवस्था बनाई जाए। जिन क्षेत्रों से भी गंदे पानी की शिकायत मिलती है, वहाँ पर तो तत्काल कार्य किया ही जाए। इसके साथ ही ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि कहीं पर भी गंदे पानी की शिकायत न रहे। अमृत परियोजना के तहत नई सीवर एवं पानी की लाईनें डाली जा रही हैं। इससे बहुत हद तक गंदे पानी की समस्या का निदान होगा। जब तक अमृत परियोजना का कार्य पूर्ण नहीं होता, तब तक गंदे पानी की शिकायत का निवारण प्राथमिकता के साथ किया जाए। 
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने चर्चा में कहा कि गंदे पानी की शिकायत निगम मुख्यालय अथवा कलेक्टर कार्यालय तक पहुँचने से पहले निगम के मैदानी अमले को मालूम होना चाहिए। निगम का अमला शिकायत मिलते ही तत्परता से कार्रवाई करे तो कोई कारण नहीं है कि शिकायतकर्ता निगम मुख्यालय या कलेक्टर कार्यालय पहुँचे। इसके लिये मैदानी अमले को सख्त हिदायत दी जाना चाहिए। 
दो दिवस क्षेत्र में पदयात्रा कर जन जागृति का कार्य भी करेंगे। 
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि 28 व 29 जनवरी को मैं ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा कर पानी बचाओ, बिजली बचाओ, नल में टोंटी लगाओ, गंदे पानी से निजात पाओ के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिये आह्वान करूँगा। 
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि पदयात्रा के दौरान नगर निगम का अमला अपने साथ नल की टोंटियां और प्लम्बरों की टीम भी साथ रखें। जहां भी आवश्यक होगा वहां पर नलों में टोंटियां लगाने का कार्य साथ में ही किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इन कार्यों में जनभागीदारी के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु लोगों के घरों तक हैण्डबिल (प्रचार साहित्य) का वितरण भी सुनिश्चित किया जायेगा। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को भी पदयात्रा में साथ रहने के निर्देश प्रसारित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिये पानी, बिजली बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी निहायत जरूरी है। इस कार्य को हम सब लोग मिलकर करेंगे। 
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि पदयात्रा के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिये सभी की सहभागिता आवश्यक है। इस पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा। आम जनों से अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की अपील करने के साथ ही नगर निगम द्वारा किए जा रहे स्वच्छता के कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की जायेगी।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!