मतदाता सूची में खेल कर रही है सपा सरकार : लक्ष्मीकांत बाजपेयी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने गुरुवार को बस्ती में कहा कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार मतदाता सूची में खेल कर रही है. भाजपा के लोगों को इसका पर्दाफाश करना होगा.
जनपद की सीमा परशुरामपुर गौरा पहुंची भाजपा की परिवर्तन यात्रा को संबोधित करते हुए बाजपेयी ने कहा, “प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है. इसे कोई रोक नहीं सकता. लोकसभा चुनाव में आप लोगों ने सही हाथों में देश का नेतृत्व सौंपा है. प्रधानमंत्री ने सभी वादे पूरे किए हैं. पाकिस्तान को एक ही झटके में घुटनों पर ला दिया है. कालेधन वालों को एक घंटे में जमीन पर लाने का काम किया है.”बाजपेयी ने मायावती और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “विधानसभा में इस बात को शर्म से स्वीकार किया गया कि प्रदेश में सपा समर्थकों द्वारा 602 पुलिसकर्मी पीटे गए.” उन्होंने कहा कि सपा घर के झगड़े का नाटक करके प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है.
पुलिस को नसीहत देते हुए बाजपेयी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का उत्पीड़न किया तो ठीक नहीं होगा. उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं को सपा व बसपा संरक्षण देती हैं.
जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा कोई आम यात्रा नहीं है. आने वाले चुनाव में सत्ता पलट करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है. साथ ही सपा, बसपा जैसी भ्रष्टाचारी पार्टियों को यात्रा के माध्यम से बेनकाब करना है.




