
शिवपुरी। ग्रामीण क्षेत्र के रूटों पर बिना नंबर प्लेट और बिना कागजों के डग्गामार वाहन फर्राटे से दौड़ रहे हैं। सड़क दुर्घटना होने पर यह वाहन बचकर निकल जाते हैं। पुलिस को दुर्घटना करने वाले वाहन का पता भी नहीं चलता। वहीं जिला परिवहन विभाग और संबंधित थानों की पुलिस इन वाहनों के न तो कागजात चेक करती है और न ही धरपकड़।
नरवर, सतनबाड़ा, बदरवास, कोलारस, लुकवासा, खरई, डहरवारा, जाखनौद, खनियांधाना, पिछोर के बीच एक सैंकड़ा से अधिक सवारी वाहन चल रहे हैं। यह वाहन चालक अपने वाहनों में ओवरलोड सवारियां भरकर चलते हैं जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। खास बात यह है कि जिन रूटों पर यह वाहन चलते हैं उन रूटों के मुख्य मार्गों पर पुलिस थाने संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस न तो इन वाहनों की धरपकड़ करती है और न ही दस्तावेज चेक करती है। यही वजह है कि धड़ल्ले से यह वाहन दौड़ रहे हैं। ग्रामीण रूटों पर चलने वाले लगभग एक सैकड़ा ऑटो और करीब डेढ़ सौ जीपीए यूटीलिटी छोटा हाथी वाहनों के आगे पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी हैं। साथ ही कुछ वाहन ऐसे हैं जिन पर प्लेटें तो लगी हैं लेकिन गाड़ी के नंबर दिखाई नहीं पड़ते हैं।






Be First to Comment