Press "Enter" to skip to content

राम रहीम को सजा सुनाने रवाना हुए जज, उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश

Image result for हाई अलर्ट

नई दिल्ली/चंडीगढ़। सीबीआई की विशेष अदालत दो साध्वियों
से दुष्कर्म के दोषी डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सजा का
फैसला आज 2.30 बजे हो जाएगा। सजा सुनाने के लिए जज जगदीप सिंह रोहतक के
लिए निकल गए हैं। माना जा रहा है कि जज 40 मीनट में रोहतक पहुंच जाएंगे।
फैसले के बाद उन्हें जान के खतरे को देखते हुए सजा सुनाने के बाद गुप्त
स्थान पर भेजा जाएगा।
यह पहली बार होगा जब हरियाणा के किसी जेल परिसर
में अदालत लगाकर सजा सुनाई जाएगी। फैसले के चलते पूरी जेल के आसपास भारी
सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं वहीं रोहतक में भी चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा
रही है।
हरियाणा के साथ पंजाब भी हाई अलर्ट पर है। हरियाणा में सभी
निजी और सरकारी स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान सोमवार को बंद रहेंगे।
रोहतक, सिरसा में सेना सतर्क पंचकूला में हुई आगजनी से सबक लेते हुए रोहतक
में पुलिस और सुरक्षा बलों को मौके पर ही तुरंत एक्शन लेने की छूट रहेगी।
मोर्चा
संभाले जवानों को संदिग्ध गतिविधि पर असामाजिक तत्वों को गोली मारने के
निर्देश दिए गए हैं। सुबह से ही पूरा रोहतक और सिरसा सेना की निगरानी में
रहेगा। पूरे जेल परिसर की सुरक्षा कड़ी करते हुए रोहतक में अर्ध सैनिक बलों
की 23 कंपनियां तैनात की गई हैं। सेना स्टैंड बाई पर रहेगी। शुक्रवार को
फैसले के बाद भड़की हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है।
कितनी सजा संभव
-धारा 376 : दुष्कर्म के दोषी को इसमें न्यूनतम सात साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान।
-धारा 506 : जान से मारने की धमकी के जुर्म में दो साल तक जेल और जुर्माना।
-धारा 354 : छेड़छाड़ के दोष में दो साल तक कैद और आर्थिक जुर्माना।
103 डेरों की तलाशी, सिरसा डेरे में आज घुसेगी सेना
उपद्रव
के दौरान संपत्ति के नुकसान की भरपाई डेरा सच्चा सौदा से करने को लेकर हाई
कोर्ट के सख्त रुख के बाद पुलिस ने सभी 103 नामचर्चा घरों को सीज करते हुए
इन्हें पूरी तरह खंगाल डाला है। सोमवार को सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में
सेना सर्च ऑपरेशन चलाएगी। मंगलवार को डेरों से मिले सामान और संपत्ति के
ब्योरे के साथ बैंक खातों की पूरी डिटेल हाई कोर्ट को सौंपी जाएगी। खाते
सीज किए जा रहे हैं।
कार में मिले महिलाओं के अंडर गारमेंट्स, दवाएं
राम
रहीम सिंह की शाही सवारी (गाड़ी) में पुलिस को महिलाओं के अंडर गारमेंट्स
और दवाइयां मिली हैं। पुलिस ने कुछ और भी आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं,
लेकिन उनकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। गाड़ी में चलता फिरता दफ्तर भी
खोल रखा था। राम रहीम के साथ चलने वाली लग्जरी गाड़ियों में फोटो स्टेट,
प्रिंटर, स्कैनर समेत कई आधुनिक उपकरण भी मिले हैं। गाड़ियों में बड़ी मात्रा
में राशन भी मिला है। राशन की मात्रा इतनी है कि अगर वह दो महीने भी टूर
पर रहता तो उसे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती।
खुद को शारीरिक रूप से अक्षम बताया था
2014
में केस की सुनवाई के दौरान राम रहीम ने अपराध प्रक्रिया संहिता
(सीआरपीसी) की धारा 313 के तहत अपने बयानों में डेरा प्रमुख ने अदालत में
कहा था-“मैं निर्दोष हूं। मैंने कभी किसी से दुष्कर्म नहीं किया था। 1990
से मैं किसी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए चिकित्सकीय या शारीरिक रूप
से फिट नहीं हूं, परंतु उसका यह तर्क किसी काम नहीं आया।”
फिर मीडिया पर हमला
डेरा
सच्चा सौदा समर्थकों ने मीडिया पर फिर हमला किया। रविवार को सिरसा आश्रम
में जाने का प्रयास कर रहे एक न्यूज चैनल के कैमरामैन से मारपीट की गई।
बाबा के समर्थक उसकी कार ले भागे व कैमरा तोड़ दिया। पुलिस ने लूटी गई कार
बाद में बरामद कर ली। शुक्रवार को मीडियाकर्मियों पर हमले हुए थे।
आस्था या व्यक्ति के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं : मोदी
प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने हरियाणा हिंसा मामले का परोक्ष जिक्र करते हुए साफ कहा कि
धर्म, आस्था, परंपरा या व्यक्ति के नाम पर हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
कानून हाथ में लेने का किसी को हक नहीं है। ऐसा करने वालों को दंडित किया
जाएगा। रविवार को रेडियो पर प्रसारित “मन की बात” कार्यक्रम में पीएम ने दो
टूक कहा, सभी को कानून के समक्ष झुकना होगा। देश की जानता को विश्वास
दिलाना चाहता हूं कि ऐसे लोगों या किसी समूह को न तो यह देश और न ही कोई
सरकार बर्दाश्त करेगी। जवाबदेही तय कर उन्हें दंडित किया जाएगा।”

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!