मीटर का फोटो खींचा और ऑन स्पॉट थमाया बिजली बिल

Image result for मीटर बिजली बिल

शिवपुरी। रजिस्टर में मीटर से रीडिंग अंकित करना और बाद में कंपनी द्वारा उस
रीडिंग के आधार पर बिल भेजना अब शहर में बीते दिनों की बात हो गई है। करीब
तीन महीने से निजी कंपनी को डिजिटल रीडिंग और बिलिंग का काम देने की
प्रक्रिया चल रही थी जो अब धरातल पर शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को शहर के
विभिन्न इलाकों में फीडबैक एनर्जी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (फेडको) के मीटर
रीडर डिजिटल मशीन से लैस होकर घर-घर पहुंचे एंड्रायड फोन से मीटर की
डिस्प्ले पर आ रही रीडिंग का फोटो लिया, उसे कंपनी के सर्वर पर सेंड किया
और इसके बाद मशीन से उपभोक्ता का बिल निकल आया जिसे ऑन स्पॉट उपभोक्ता को
थमा दिया गया। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से
उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी। गलत बिलिंग या रीडिंग के झंझट से भी निजात
मिल सकेगी। यह प्रक्रिया हर महीने पहले पखबाड़े में 12 तारीख तक पूरी की
जाएगी।
अगले महीने से भुगतान भी ऑन स्पॉट
फिलहाल फेडको ने शहर
के करीब 40 हजार उपभोक्ताओं की ऑन स्पॉट रीडिंग व बिलिंग का काम तो शुरू कर
दिया है, लेकिन अगले महीने से उपभोक्ताओं को एक और सुविधा कंपनी देगी,
इसमें उन्हें बिल जमा करने के लिए बिजली कंपनी के कार्यालय पर लंबी कतार
में नहीं लगना होगा। फेडको के मीटर रीडर ऑन स्पॉट बिलिंग के अलावा स्पॉट
कलेक्शन भी करेंगे। इसके बाद उपभोक्ता को भुगतान के ऐवज में मौके पर ही
पावती की रसीद भी दी जाएगी।
बदले जाएंगे खराब मीटर, आंकलित से निजात
शहर
में अधिकांश उपभोक्ताओं के मीटर या तो खराब हैं या फिर डिस्प्ले नहीं आ
रही है, जिसके चलते उन्हें लंबे समय से आंकलित खपत के बिल भुगतने पड़ रहे
हैं, पर फेडको का दावा है कि इस महीने रीडिंग रिपोर्ट के आधार पर ऐसे सभी
उपभोक्ताओं के मीटर हर हाल में अगले महीने बदल दिए जाएंगे और इसके बाद वे
वास्तविक रीडिंग के आधार पर ही बिल का भुगतान कर सकेंगे।
मीटर के फोटो का होगा क्रॉस वेरीफिकेशन
मीटर
रीडर मौके पर डिस्प्ले में आ रही रीडिंग का साफ फोटो लेगा और इसे उपभोक्ता
से भी वेरीफाई कराएगा। इसके बाद इसे ऑनलाइन सर्वर पर सेंड करेगा। वहां भी
प्रत्येक फोटो का क्रॉस वेरीफिकेशन किया जाएगा। यदि किसी कारण से गलत
रीडिंग का बिल जनरेट हो गया है तो उसे भी संशोधित किया जाएगा।
तीन साल कंपनी के हाथ में कमान
कंपनी
के अधिकारियों की मानें तो शहर के डिवीजन-1 सहित कुछ ग्रामीण क्षेत्र में
यह कार्य तीन साल के लिए मध्य क्षेत्र कंपनी ने उन्हें सौंपा है। इसके
परिणामों के आधार पर काम का क्षेत्र और भी विस्तृत किया जा सकता है।
चोरी के लिए बदनाम क्षेत्रों पर नजर
कंपनी
के सामने सबसे बड़ी चुनौती शहर के वे चिन्हित क्षेत्र हैं जो बिजली चोरी के
लिए बदनाम है। कंपनी का कहना है कि वे सबसे पहले इन क्षेत्रों में लोगों
को जागरूक करेंगे कि वे चोरी न करें और ईमानदारी से बिजली संरक्षण के साथ
बिजली का उपयोग करें। यदि इसके बाद भी जो उपभोक्ता चोरी करेंगे उन पर कठोर
कार्रवाई होगी। इसके लिए अलग से एक टीम भी बनाई गई है।
ये बोले कंपनी के अधिकारी
शिवपुरी
डिवीजन-1 सहित कुछ ग्रामीण इलाके में शुक्रवार से ऑन स्पॉट रीडिंग व
बिलिंग शुरू कर दी गई है। अगले महीने से ऑन स्पॉट कलेक्शन भी शुरू किया
जाएगा, जो मीटर खराब हैं या बंद हैं, उन्हें तत्कल बदलवाया जाएगा।
नागेश कामत, डिवीजन मैनेजर फेडको


संबंधित खबरें