Press "Enter" to skip to content

एक सप्ताह से बीएसएनएल की सेवाएं ठप, उपभोक्ता हो रहे परेशान लिंक नहीं मिलने से डाकघर में भी कामकाज हुआ ठप , नहीं हो रहा लेन-देन

खनियाधाना ( शिवकांत सोनी ) :– खनियाधाना तहसील में बीएसएनएल की सेवाएं इस कदर चरमरा गई है कि आम आदमी का जीवन दूभर हो गया है हालत यह है कि पिछले एक  सप्ताह से खनियाधाना में बीएसएनएल की लाइन पूरी तरह से बंद है जिसके कारण सैकड़ों ब्रॉडबैंड एवं मोबाइल उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं शिकायत करने के बावजूद विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं ।  हालत इतने बिगड़ गए हैं कि नगर का एकमात्र डाकघर पिछले एक सप्ताह से लिंक नहीं मिलने के कारण पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है , उपभोक्ता अपने बचत खातों तथा मासिक जमा खातों में रकम भी जमा निकाल नहीं पा रहे हैं ।जानकारी के मुताबिक खनियाधाना स्थित BSNL के कार्यालय में कोई भी जिम्मेदार अधिकारी पदस्थ नहीं है मात्र एक ऑपरेटर के भरोसे पूरे नगर सहित तहसील की सेवाएं सौप रखी हैं , जिसके चलते आए दिन नेटवर्क बंद हो जाता है तथा घंटे बाद भी चालू नहीं हो पाता है ।बताया गया है कि खनियांधाना नगर में थाने से बस स्टैंड के बीच में चल रही सड़क निर्माण में बन रही पुलिया के निर्माण कार्य के चलते मशीन द्वारा खुदाई करने पर बीएसएनएल की केबल कट गई है जिसको जोड़ने के लिए शिवपुरी से टीम भी 2 दिन पहले आई थी लेकिन लाइन चालू नहीं हो सकी ।
क्योंकि खनियाधाना तहसील मुख्यालय होने के कारण प्रतिदिन करीब 1 सैकड़ा गांवों के लोग अपने व्यक्तिगत एवं शासकीय कार्यों को कराने के लिए खनियांधाना आते हैं लेकिन यहां पर उनकी आशा पर पानी फिर जाता है जब पता चलता है कि BSNL की लिंक फेल होने से कार्यालयों में सेवा ठप हैं पिछले 7 दिनों से तो तहसील कार्यालय बैंक डाकघर विद्युत मंडल जनपद सहित सभी कार्यालयों में लिंक फेल रहने से लोगबाग रोज परेशान होकर मायूस लौट जाते हैं साथ ही कंप्यूटर सेंटरों पर भी सरकारी व निजी सभी योजनाओं के ऑनलाइन फॉर्म भरे जाने से बेरोजगार भी परेशान घूमते रहते हैं ।
वर्तमान समय में इस डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धा के दौर में जहां निजी मोबाइल कंपनियां अपने उपभोक्ताओं को बेहतर सर्विस व त्वरित सेवाएं दे रही है वही सरकारी विभाग द्वारा सेवाओं की इस तरह की घोर उपेक्षा चिंता का विषय है । पहले जहां खनियांधाना जैसे बीस हजार  की आबादी वाले नगर में एक हजार से भी ज्यादा लैंडलाइन कनेक्शन थे जो कि अब घटकर मात्र आधा सैकड़ा रह गए हैं यही हाल मोबाइल कनेक्शन का भी है जिस में मात्र गिने चुने लोग ही बीएसएनएल का मोबाइल उपयोग करते हुए दिखते हैं , सरकारी कार्यालयों की तो मजबूरी है कि उन्हें बीएसएनएल का नेटवर्क लेना पड़ता है अन्यथा निजी कंपनियों की सेवाएं कई गुना बेहतर मिलती है

इनका कहना है –
पिछले दिनों पुलिया निर्माण के दौरान हमारी केवल कट गई थी जिसके कारण नेटवर्क बंद पड़ा है मैंने भी अधिकारियों से कई बार इस संबंध में चर्चा की है तथा आज या कल में शिवपुरी से हमारी ओएफसी टीम आएगी जिससे यह जॉइंट हम जल्दी ही जोड़कर उपभोक्ताओं को सेवाएं शुरू कर सकेंगे “
– ए खान
प्रभारी अधिकारी , बीएसएनएल खनियांधाना

डाकघर की सभी सेवाएं ऑनलाइन होने के कारण लिंक नहीं मिलने से हम किसी भी उपभोक्ता को सेवाएं नहीं दे पा रहे है , यहाँ तक कि आठ ग्रामीण डाकघर , बचत खाते , आर डी खाते तथा एजेंटो का भी कोई काम नहीं हो रहा है हमने भी अपने विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा दिया है “
– संदीप दिवाकर , उपडाकपाल , खनियांधाना

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!