शिवपुरी। लाडली लक्ष्मी शिक्षा पर्व 2017 के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लाडलियों को वितरित की गई छात्रवृत्ति वितरण समारोह का सीधा प्रसारण आकाशवाणी एवं दूरदर्शन केन्द्र से किया गया। जिसको शिवपुरी जिले में भी सुना एवं देखा गया। लाड़ली लक्ष्मी मिशन पर्व 2017 के तहत जिला मुख्यालय पर स्थित मानस भवन शिवपुरी में कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। इस मौके पर पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रहलाद भारती, अपर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, मानवाधिकार आयोग जिला संयोजक आलोक एम.इंदौरिया, बाल कल्याण समिति शिवपुरी के अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, बाल कल्याण समिति शिवपुरी के सदस्य श्रीमती उमा मिश्रा, महिला सशक्तिकरण अधिकारी ओ.पी.पाण्डे सहित लाडलियां एवं उनके माता-पिता तथा महिला एवं बाल विकास के कर्मचारीगण उपस्थित थे। प्रहलाद भारती ने उपस्थितजनों को बालिकाओं के संरक्षण की शपथ दिलाते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना मध्यप्रदेश सरकार की एक अनूठी योजना है। इस योजना की सफलता को देखते हुए देश के अन्य राज्य भी अपने प्रदेशों में भी लागू किया है। श्री भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भी लाडली लक्ष्मी योजना की सराहना की है। ”बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओÓÓ का नारा दिया है। उन्होंने स्व. विजया राजे सिंधिया का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मातृ शक्ति के रूप में समाज सेवा और राजनीति के क्षेत्र में अनेको कार्य किए। उन्होंने सिद्धांतो एवं मूल्यों की राजनीति कर मिशाल कायम की, आज वे हमारे बीच नहीं है। आवश्यकता है कि हम उनके सिद्धातों से प्रेरणा लें। श्री भारती ने कहा कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में बुलंदियां छुई है। देश में महिलाओं ने राजनीति के क्षेत्र में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर सेवाए देकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हमें बालिका एवं महिलाओं के प्रति अपनी सोच में बदलाव लाना होगा और हमें उन्हें पूर्ण सम्मान देना होगा। कार्यक्रम का संचालन गिरीश मिश्रा ने, अंत में सभी के प्रति आभार जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी ओ.पी.पाण्डे ने व्यक्त किया। इस मौके पर अतिथियों द्वारा बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं का संकल्प हस्ताक्षर किए।






Be First to Comment