Press "Enter" to skip to content

ग्रामीणों की शिकायत पर ग्राम खैराघाट पहुंची जनपद अध्यक्ष निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, उपयंत्री व सचिव को दिया नोटिस मिडिल स्कूल के हेडमास्टर पूरे साल नहीं पहुंचे विद्यालय

करैरा। जनपद पंचायत करैरा की ग्राम पंचायत खैरा घाट के दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने जनपद अध्यक्ष श्रीमती बती आदिवासी को आवेदन देकर रोजगार न् दिए जाने की शिकायत कर रोजगार दिलाये जाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच, सचिव एवं उपयंत्री द्वारा गांव के कार्य ठेके पर दे दिए जाते हैं, और ठेकेदार सभी कार्य  बाहर के मजदूरों से करवाता है। जिससे हम ग्रामीणों को कोई रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इस सूखे की मार से तो हम मजदूर ऐसे ही परेशान हैं ऊपर से कोई रोजगार भी नहीं दिया जा रहा है। जनपद अध्यक्ष श्रीमती बती आदिवासी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि हम आज ही ग्राम पंचायत का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरांत जनपद अध्यक्ष अपने जनपद सदस्यों एवं पंचायत निरीक्षक संजीव दुबे के साथ ग्राम पंचायत पहुंची। ग्राम पंचायत के घोसीपुरा मजरे पर देव महाराज से हीरा बाथम के मकान तक सीसी रोड का निरीक्षण किया तो वहां 4 इंच मोटाई व बिना नाली निर्माण की रोड पाई गई। उसके उपरांत कुम्हारपुरा मजरे पर कुम्हार पुरा तिराहे से बृज किशोर प्रजापति के मकान तक सीमेंट कंक्रीट रोड का कार्य चालू मिला, यहां पर बाहरी मजदूरों से कार्य ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था ,जहाँ गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य पाया गया। उपयंत्री, सचिव भी सूचना होने के बाद भी मौके पर नही पहुचे। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की गई। जनपद अध्यक्ष ने आधा दर्जन से अधिक अन्य सीमेंट कंक्रीट रोडो का निरीक्षण किया जो सभी गुणवत्ताहीन व बिना नाली निर्माण के पाई गई। अध्यक्ष ने मजदूरों को रोजगार दिलाए जाने का भरोसा दिलाया व उनसे शासन द्वारा अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी भी ली। ग्रामीणों को मिल रहे खाद्यान्न वितरण, विधवा पेंशन सहित अन्य योजनाओं पर चर्चा की। ग्रामीणों ने माध्यमिक विद्यालय खैरा घाट पर प्रधानाध्यापक के अनुपस्थित रहने की शिकायत की। इस पर जनपद अध्यक्ष पूरी टीम के साथ माध्यमिक विद्यालय खैरा घाट पहुंची। वहां पदस्थ प्रधानाध्यापक वर्ष 2017- 18 में एक भी दिन नहीं पहुंचे, ना ही उनके हस्ताक्षर पंजी में हस्ताक्षर मिले। प्रधानाध्यापक आर के भार्गव के कॉलम में बी ई ओ कार्यालय लिखा हुआ था। जनपद अध्यक्ष ने वहां प्रभारी प्रधानाध्यापक जगदीश भार्गव से टाइम टेबल भी मांगा, उसमें भी उनके कोई पीरियड नहीं मिले। जनपद अध्यक्ष ने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन लगा कर बात की तो बताया कि अटैचमेंट बिल्कुल समाप्त हैं। हेड मास्टर की इतने लंबे समय से अटैचमेंट पर नाराजगी जताते हुए जनपद अध्यक्ष ने कार्रवाई हेतु सीईओ को निर्देशित किया। यहां उन्होंने छात्र छात्राओं से भी मध्यान्ह भोजन एवं पढ़ाई के बारे में भी पूछा। जनपद अध्यक्ष के साथ जनपद सदस्य नीरज लोधी, कप्तान पाल, श्रीमती मीरा जाटव, पंचायत निरीक्षक संजीव दुबे सहित अन्य ग्रामीण जन उपस्थित थे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!