शिवपुरी। ग्राम झलवासा के प्रभारी पटवारी जगन्नाथ पुत्र सवाईलाल आदिवासी के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता करते हुए उन्हें शासकीय कार्य करने से रोक दिया। जिसकी शिकायत कल पीडि़त पटवारी ने थाने में शिकायती आवेदन देकर दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी कल्याण धाकड़ और बांके खंगार के खिलाफ भादवि की धारा 353, 332, 341, 294, 34 सहित 3 (1) आर, 3 (2) व्हीए एससीएसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के तहत पटवारी जगन्नाथ आदिवासी बैराड़ के हल्का नम्बर 21 चकराना में पदस्थ है। जिस पर ग्राम झलवासा के हल्का नम्बर 6 का भी अतिरिक्त प्रभार है और वह 4 अक्टूबर को दोपहर के समय क्रॉप कटिंग के कार्य से झलवासा पहुंचा था जहां एक खेत में वह अपना काम अधीनस्थों के साथ कर रहा था। तभी गांव के कुछ लोगों ने उसे कार्य करने से रोक दिया। इसी बीच आरोपी कल्याण धाकड़ और बांके खंगार ने पटवारी से अभद्रता करते हुए जातिसूचक गालियां देनी शुरू कर दी और उसे खेत से भगा दिया। इसके बाद घटना की जानकारी उसने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके बाद कल पीडि़त जगन्नाथ शिकायती आवेदन लेकर थाने पहुंचा और पुलिस को आवेदन दिया। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।





Be First to Comment