शिवपुरी। जिले के सिरसौद और कोतवाली थाना क्षेत्र में आज हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इन दोनों मामलों को पुलिस ने संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना 18 बटालियन के पास कोतवाली क्षेत्र में घटित हुई जिसमें एक अज्ञात कंटेनर ने बाइक सवार परमाल पुत्र वंशीलाल निवासी कांकर को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि एक अन्य युवक कंटेनर के नीचे दब गया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में घायल परमाल भी उसकी पहचान बताने में असमर्थ है। जबकि दूसरी घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के आठवां मिल के पास घटित हुई। जहां एक यात्री बस क्रमांक एमपी 33 पी 0257 ने बाइक क्रमांक एमपी 33 एमसी 5697 में टक्कर मार दी जिससे बाइक चला रहा सुशील धाकड़ और उसका पिता अमृतलाल धाकड़ निवासी देवरीकलां गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सिरसौद पुलिस शिवपुरी अस्पताल लेकर आई।



