शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के व्हीटीपी स्कूल के पास बीती रात्रि एक कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार तीन युवकों के साथ कार में सवार चार आरोपियों ने मारपीट कर दी। बाद में सभी आरोपी उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर वहां से भाग गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 279, 337, 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
बताया जाता है कि रात्रि करीब 9:45 बजे व्हीटीपी स्कूल के सामने एक स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक सतेंद्र रावत और उसके साथ बाइक पर बैठे मस्तराम रावत व आशीष चौहान घायल हो गए। बाद में बाइक चालक ने उक्त कार को रोक लिया और उससे नुकसान की भरपाई के लिए कहा तो कार में बैठे आरोपी निकिल दीक्षित, कुलदीप पण्डित, अभयप्रताप सिंह चौहान और एक अन्य ने विवाद करना शुरू कर दिया और तीनों की मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपीगण उन्हें धमकी देकर घायल अवस्था में छोड़कर भाग निकले। घटना के बाद पीडि़त तीनों युवक कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करा दिया।





Be First to Comment