शिवपुरी। गावों में घोषित आबादी क्षेत्र में रह रहे लोगों का सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को आबादी पट्टे देने हेतु जिले में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। कलेक्टर तरूण राठी ने उक्त आशय के निर्देश आज जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर अनुज रोहतगी सहित जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर तरूण राठी ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ सभी पटवारियों के बस्तों का निरीक्षण कर पालन प्रतिवेदन भी लें। राठी ने कृषि संगणना की प्रगति की समीक्षा कर गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि शासन की उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण कर अवैध उत्खनन एवं परिवहन रोकने की भी कार्यवाही करें। उन्होंने सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे पटवारी जिनकी विभागीय जांच चल रही है एवं गंभीर आरोप है, ऐसे पटवारियों के सेवा समाप्ति के प्रस्ताव बनाने की कार्यवाही करें। राठी ने सभी तहसीलदारों एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीनस्थ न्यायालयों का निरीक्षण जिला मुख्यालय से अपर कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टरों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर गांव-गांव में कब्जाधारियों को कब्जा दिलाने की भी कार्यवाही करें। इस संबंधित में पटवारी, सरपंच, रोजगार सहायक से भी प्रमाण पत्र लें कि उनकी ग्राम पंचायत में कब्जा दिलाने का कोई प्रकरण लंबित नहीं है। उन्होंने सभी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि पटवारियों का जो भ्रमण कार्यक्रम जारी किया गया है, उसके तहत प्रत्येक पटवारी गांव में जाए और लोगों की समस्याओं का निराकरण करें।
बॉक्स
बसूली के प्रकरणों में गति लाए
कलेक्टर तरूण राठी ने डायवर्सन सहित समस्त प्रकार की बसूली के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी अपने स्तर पर प्रतिदिन तहसीलदारों की समीक्षा करें और तहसीलदार भी पटवारियों द्वारा की गई बसूली की समीक्षा कर बसूली की प्रतिदिन की गई कार्यवाही से जिला मुख्यालय को अवगत कराए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण को पूरी गंभीरता से लें।




