Press "Enter" to skip to content

खनियाधाना में पिछले 5 दिनों से सफाई व्यवस्था ठप  जगह जगह लगे कचरे के ढेर

खनियांधाना। नगर में पिछले 5 दिनों से सफाई का कार्य बिल्कुल ठप पड़ा हुआ है नगर के सभी 15 वार्डों में जगह-जगह कूड़े कचरा बिखरा पड़ा है वह कई जगह ढेर लग गये हैं लेकिन सफाई कर्मियों के नहीं आने से अब आम जनता भी परेशान होने लगी है । नगर परिषद के सफाई कर्मियों के काम पर नहीं आने की मुख्य वजह उनके घरों में तथा बस्ती में 5 दिन पहले हुआ उपद्रव है जिसके कारण उनके घर, मकान, पूरी गृहस्थी तहस-नहस हो गई है तथा खाने के लाले पड़ रहे हैं। हालांकि प्रशासन द्वारा लगभग 45 पीडि़त परिवारों का सर्वे कराकर सरकारी सहायता के लिए कार्यवाही शुरू हो गयी है  लेकिन इस सब के बावजूद भी सफाई कर्मियों के मन में कहीं ना कहीं एक भय व्याप्त है जिसके कारण वह आज तक काम पर नहीं लौट सके हैं।

यहां पर उल्लेखनीय है कि गत 9 नवंबर को खनियाधाना कस्बे में एक 2 वर्षीय बालिका के साथ बाल्मीक समाज के युवक द्वारा अनैतिक कृत्य करने की की घटना के बाद उग्र भीड़ ने नगर में तीन स्थानों पर बसे बाल्मीक समाज के करीब आधा सैकड़ों घरों को निशाना बनाते हुए जमकर तोडफ़ोड़ की, आग लगाई, घर गृहस्थी का सामान लूटा यहां तक की कई परिवारों के पास अगले दिन खाने के लिए राशन , पहनने के लिए कपड़े भी नहीं बचे जिस पर प्रशासन तथा स्वयंसेवी संस्थाएं आगे आकर इन परिवारों की मदद कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने भी उपद्रव करने वाले लोगों के खिलाफ कुल 4 प्रकरण दर्ज करते हुए करीब आधा सैकड़ा लोगों को नामजद आरोपी तथा दो-तीन सैकड़ा लोगों को अज्ञात की श्रेणी में रखते हुए प्रकरण कायम किए हैं लेकिन अभी तक मात्र चार पांच आरोपियों की गिरफ्तारी होने से बाल्मीक समाज में रोष है तथा यह दहशत भी व्याप्त है कि काम पर जाने के बाद कहीं हम पर कोई हमला आदि की घटना हुई तो इसका कौन जिम्मेदार होगा । हालांकि पुलिस के जवान बाल्मीकि बस्ती पर चौबीस घंटे सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए हैं तथा प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि भी नियमित रूप से बस्ती का भ्रमण कर रहे हैं । वही नगर परिषद के सीएमओ सतीश कुमार दुबे का कहना है कि सफाई कर्मियों के परिवार में इतनी बड़ी घटना होने के बाद कुछ दिन काम पर नहीं आना स्वभाविक बात है लेकिन फिर भी वह सफाई कर्मियों से बात कर रहे हैं तथा उम्मीद है कि एक दो दिन में वह काम पर लौट आएंगे तथा आम जनता भी नगर परिषद की यह मजबूरी समझ कर सहयोग कर रही है तथा हमारे कचरा संग्रह वाहन भी निरंतर नगर की गलियों में दौड़ रहे हैं । 

बॉक्स

इनका कहना है 

सभी पीडि़त परिवारों का सर्वे कराकर रिपोर्ट भेज दी गई है तथा संभवता मंगलवार से उन परिवारों के खातों में सहायता राशि आना शुरू हो जाएगी जहां तक सफाई कर्मियों के काम पर नहीं लौटने की समस्या है मेरी स्वयं उनसे बात हुई है तथा एक दो दिन में वह सभी काम पर लौट आएंगे तथा आम जनता को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

– सीबी प्रसाद, एसडीएम पिछोर 

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!