Press "Enter" to skip to content

गोलीकांड के बाद डीजीपी की रैंकिंग में मंदसौर अव्वल


भोपाल। श्रेष्ठ पुलिसिंग वाली डीजीपी रैंकिंग में मंदसौर जिले ने प्रदेश के 51 जिलों को पीछे छोड़ दिया है। जुलाई से सितंबर की तीन माह की अवधि की रैंकिंग में मंदसौर को 72.9 अंक मिले हैं। यह हाल तब हैं जब छह जून को मंदसौर में किसान आंदोलन के दौरान हुए गोलीकांड से वहां पुलिस के खिलाफ माहौल बन गया था और इसके बाद पुलिस कप्तान बदल दिया गया था। रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पन्ना जिला रहा है, जिसे 72.7 अंक हासिल हुए हैं तो तीसरे क्रम पर धार जिला 71.6 अंकों के साथ पहुंचा है।जून में किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में जो घटनाक्रम हुआ, उससे प्रदेश सरकार को बड़ा झटका लगा था। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल में उपवास पर बैठे थे और मृत किसानों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने का ऐलान हुआ था। विपक्ष ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया था और कांग्रेस के तत्कालीन उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे थे।
एसपी बोले- जनता से संपर्क बढ़ाया
मंदसौर के तत्कालीन एसपी ओपी त्रिपाठी को निलंबित कर वहां 2009 बैच के मनोज कुमार सिंह को एसपी बनाकर भेजा गया था। सिंह बताते हैं कि काम संभालते ही जनता से संपर्क बढ़ाने का काम किया, जिससे सूचनाएं तत्काल उन तक आने लगीं। दूसरी रैंकिंग पाने वाले पन्ना जिले के एसपी रियाज इकबाल कहते हैं कि वे हर सप्ताह पुलिस थानों की परफार्मेंस की समीक्षा करते हैं और उनकी कमियों को बताते हैं। प्रदेश में तीसरे सबसे बेहतर जिले में शामिल हुए धार जिले के एसपी बीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि क्षेत्र में कई चुनौतियों के बीच वे लोगों से संवाद करते रहते हैं और अधीनस्थों की परेशानियों के बारे में भी पूरी जानकारी लेते हैं।
रैंकिंग के आधार
1. अपराध- महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति और आम अपराध। (30 अंक)
2. इंटेलीजेंस- कानून-व्यवस्था और सूचना संकलन। (25 अंक)
3. प्रशासन, योजना-प्रबंध, कल्याण, शिकायत- इन शाखाओं के कार्य का निरीक्षण, मानव संसाधन व बजट का युक्तियुक्त उपयोग। (20 अंक)
4. दुर्घटनाओं पर नियंत्रण- (05 अंक)
5. क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक द्वारा कार्य का मूल्यांकन- (10 अंक)
6. पुलिस महानिदेशक का 360 डिग्री मूल्यांकन- (10 अंक)
काम के आकलन के लिए बना रहे सिस्टम
जिलों में पुलिस के काम के आकलन के लिए एक सिस्टम विकसित किया जा रहा है। श्रेष्ठ काम करने वाले तीन जिलों के नाम घोषित किए जाते हैं। – आरके शुक्ला, डीजीपी
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!