
गुना। पुलिस के रेडियो विभाग में एसआई के पद पर पदस्थ एक व्यक्ति द्वारा मंगलवार को आत्महत्या की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस अधिकारी को बचा लिया गया। एसआई ने निलंबन की कार्रवाई से तनाव में आकर यह कदम उठाने की बात कही है। इधर, एसआई द्वारा आत्महत्या के प्रयास की कोशिश के बाद एसपी द्वारा तनाव कम करने की बात कहते हुए एसआई का निलंबन बहाल कर दिया गया है,
रेडियो विभाग में पदस्थ एसआई प्रमोद सेंगर ने मंगलवार को डायल 100 और कैंट थाने में फोन कर सूचना दी कि वह सिंगवासा तालाब में आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। एसआई को पुलिसकर्मियों ने तालाब पर पहुंचकर किसी तरह समझा बुझाकर कैंट थाने लाया गया। वहीं एसपी निमिष कुमार को पता चला कि एसआई द्वारा आत्महत्या की कोशिश की गई, तो उन्होंने एसआई का निलंबन आदेश वापिस ले लिया।
यह है पूरा मामला
एसआई प्रमोद सेंगर को करीब एक हफ्ता पहले कैंट थाना में पदस्थ एक महिला एसआई से शराब के नशे में अभद्रता करने पर एसपी द्वारा निलंबित किया गया था। इसी बात से एसआई तनाव में है। एसआई का कहना है कि उसने कोई गलती नहीं की है, जब गलती नहीं की है तो सजा क्यों दी गई।
अशोकनगर की घटना से है भय
बता दें हाल ही में 23 दिसंबर को पड़ौसी जिला अशोकनगर की कोतवाली के पास मोबाइल टावर पर एक एएसआई सतीश सिंह रघुवंशी का संदिग्ध परिस्थिति में शव लटका हुआ मिला था। सतीश सिंह की जेब से मिले कागज पर पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रताड़ना का आरोप है। यह मामला प्रदेशभर में गूंज रहा है। इस कारण पुलिस कर्मियों द्वारा तनाव में कोई भी कदम उठाने की बात से पुलिस विभाग में भय है।
एसआई का तनाव कम करने के लिए निलंबन की कार्रवाई वापस ले ली गई है। हालांकि, उन पर महिला एसआई ने जो आरोप लगाए हैं, उन आरोपों की जांच जारी रहेगी।
-निमिष अग्रवाल, एसपी गुना






Be First to Comment