जबलपुर।तुम लोग खुद को समझते क्या हो, गुंडे जरा-जरा सी बात पर गोलियां चला रहे हैं, तुम लोगों की सर्विस रिवॉल्वरें कहां हैं, क्या घर में अचार दे रहीं हैं। बुधवार की रात एक कार्रवाई के दौरान एसपी शशिकांत शुक्ला ने कुछ इस अंदाज में 5 थाना प्रभारियों के हाथ में लाठी-डंडे देखकर फटकार लगाई। इसके बाद शुक्रवार को एसपी ने एक लिखित आदेश जारी किया, जिसमें सिपाही से एएसपी स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सर्विस रिवॉल्वर साथ में रखने के लिए कहा गया है।गुरुवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि पुल नं 2 के पास सरेआम फायरिंग करने वाला बदमाश छोटू चौबे काले रंग की स्कॉर्पियो में घूम रहा है। जिसके साथ कुछ हथियारबंद युवक भी हैं। इस सूचना पर पूरे शहर की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। हाईकोर्ट चौक से ओमती टीआई अरविंद चौबे और दो अलग-अलग टीमों ने काले रंग की स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया। गहमागहमी उस वक्त हो गई थी, जब पुलिस के लगातार सायरन बजाने पर भी स्कॉर्पियो नहीं रुकी, वायरलेस सेट पर पीछा करने वाली टीम लगातार एक के बाद एक सभी थानों को सूचना देकर गाड़ी रोकने के लिए कह रही थी। मैसेज सुन एसपी समेत सभी एएसपी, सीएसपी और गश्त पर मौजूद टीआई घेराबंदी में जुट गए। रात तकरीबन 2 बजे सूपाताल के पास स्कॉर्पियो को रोक लिया गया।
सिंगरौली के युवक रखे थे लाइसेंसी हथियार
स्कॉर्पियो के रुकते ही उसमें बैठे 4 युवकों को पुलिस ने नीचे उतारा और गाड़ी की तलाशी ली। जिसमें 2 बंदूकें और 2 रिवॉल्वरें मिलीं। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे लोग सिंगरौली के रहने वाले हैं और रेलवे के ठेके के संबंध में शहर आए थे। युवकों के पास से मिले सभी हथियार लाइसेंसी थे। जिनके दस्तावेज भी युवकों ने पुलिस को दिखाया। युवकों ने गाड़ी न रोकने के पीछे दलील दी कि तीन युवक गहरी नींद में थे, जबकि ड्राइवर तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम ऑन किए हुए था, जिस कारण सायरन नहीं सुन सका। जिसके बाद पुलिस ने सभी युवकों को फटकार लगाने के बाद छोड़ दिया।
डंडे देखकर बिफरे एसपी
स्कार्पियो रोकने की सूचना मिलते ही एसपी शशिकांत शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए। युवकों के जाने के बाद थाना प्रभारियों के हाथ में डंडे देखकर एसपी बिफर गए। उन्होंने सभी को फटकार लगाते हुए सर्विस रिवॉल्वर साथ में रखने के निर्देश दिए।
माल खाने में जमा रहतीं हैं रिवॉल्वरें
सूत्रों के अनुसार टीआई से सिपाही स्तर के ज्यादातर कर्मचारी सर्विस रिवॉल्वर थानों के मालखाने में जमा रखते हैं, या फिर घरों में रखकर नौकरी करते हैं। सिर्फ पेट्रोलिंग पार्टियों के जवान ही रोज थाने से इश्यू होने वाली इंसास रायफलें लेकर गश्त करते हैं।
गैंगवार के आरोपी भेजे गए जेल
ओमती पुलिस ने शुक्रवार को गैंगवार के आरोपी समक्ष गुलाटी, अमर अरबी, इमरान बाबर और फैजान खान को कोर्ट में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।




Be First to Comment