जबलपुर।लार्डगंज थाना क्षेत्र स्थित आगा चौक बस डिपो के पास रविवार की दोपहर पुलिस ने दो महिलाओं को स्मैक बेचते हुए रंगेहाथ पकड़ा। दोनों महिलाएं राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं, जो कई दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर पुड़िया में स्मैक बेच रहीं थीं। पुलिस को शक है कि आरोपी महिलाएं शहर के बड़े तस्करों के संपर्क में हैं। पूछताछ में बड़े रैकेट के भंडाफोड़ होने की संभावना भी पुलिस ने जताई है,लार्डगंज टीआई सुशील चौहान ने बताया कि रविवार की दोपहर आगा चौक बस डिपो के सामने 2 महिलाओं के घूम-घूमकर स्मैक की पुड़िया बेचने की सूचना मिली थी। जिस पर महिला स्टाफ के साथ घेराबंदी करके दोनों महिलाओं को पकड़ा लिया गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में महिलाएं की पहचान पूनम सिसौदिया और राखी सिसौदिया के रूप में हुई। दोनों कड़िया गांव थाना पचौर, राजगढ़ की रहने वाली हैं। पुलिस ने पूनम और राखी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
बड़े स्मैक तस्करों से संपर्क
पूनम और राखी ने पूछताछ में बताया कि वे लोग शहर में मजदूरी करने आईं थीं। लेकिन इसी दौरान उनका संपर्क शहर के बड़े स्मैक तस्करों से हुआ, जिनके साथ मिलकर वे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पुड़िया बनाकर स्मैक बेचने लगीं। दोनों ने बताया कि वे पिछले 1 साल से यह काम कर रहीं थीं। पूनम और राखी ने शहर के कुछ प्रभावशाली लोगों के नाम बताएं हैं। पुलिस अब इसकी जांच कर रही है।



