Press "Enter" to skip to content

कैटरिंग व्यवसायी महिला की गला दबाकर की हत्या, बोरे में फेंका शव,


इंदौर,। दो दिन से लापता जूनी इंदौर निवासी एक महिला कैटरिंग व्यवसायी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसका शव बोरे में भरकर सिर गांव (तेजाजी नगर क्षेत्र) में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह किसान ने खेत में बोरा देखा तो पुलिस को सूचना दी। महिला ने करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत के गहने पहन रखे थे, जो नहीं मिले। मोबाइल व आठ हजार रुपए भी गायब थे।तेजाजी नगर टीआई गिरीश कवरेती ने बताया कि किशोर काकवानी ने अपना खेत जितेंद्र पटेल को खेती के लिए किराए पर दे रखा है। जितेंद्र सुबह 11 बजे खेत पर पहुंचे तो वहां पड़े बोरे से बदबू आ रही थी। जितेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने बोरा खोला तो महिला का शव मिला। गले में दुपट्टा कसा हुआ था। महिला की मौत 25 से 30 घंटे पहले हो चुकी थी। महिला की शिनाख्त दुर्गा पति टबरमल थारानी (60) निवासी वीके सिंधी कॉलोनी के रूप में हुई।
दो दिन से थी लापता
दुर्गा के पति का पांच साल पहले देहांत हो चुका है। परिवार में दो बेटे अनिल, मनोहर व बेटी सीमा उर्फ पूजा है। तीनों का विवाह हो चुका है। बहुओं ने बताया कि 30 दिसंबर की सुबह जींस-टीशर्ट पहने व मुंह पर कपड़ा बांधे एक लड़की एक पार्टी का ठेका लेकर आई थी। 11 बजे उसने फोन करके बुलाया। वह घर से साथ में ही काम करने वाली दब्बू बाई के साथ निकली थी। कुछ देर बाद ही उसी लड़की का फोन आया। उसने दब्बू बाई के साथ आने से मना किया और कहा कि तुम अकेले ही आओ। ज्यादा बड़ा काम नहीं है। इस पर दुर्गा अकेले ही ऑटो से चल दी। उसके बाद वह घर नहीं लौटी।
फोन पर नाम लेकर चीखती रही दुर्गा
परिजन ने बताया कि 29 दिसंबर की दोपहर 2 बजे भानजे राकेश ने दुर्गा के मोबाइल पर फोन किया था। दुर्गा ने फोन उठाया लेकिन वह ‘राकेश, राकेश’ ही चीखती रही। राकेश ने उनसे पूछा मौसी क्या हुआ, लेकिन वह बोल नहीं पाई। पीछे खट-खट की आवाज आ रही थी, जैसे कहीं हथौड़े चल रहे हों। चार से पांच सेकंड फोन चालू रहा। उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। दोबारा लगाने पर मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा।
गहने, मोबाइल और रुपए नहीं मिले
अनिल व मनोहर ने बताया कि वह और अन्य रिश्तेदार मां के साथ मिलकर ही कैटरिंग का काम देखते थे। मां हमेशा गहने पहने रहती थी। उनके शरीर पर सिर्फ नाक की लोंग मिली। सोने की चेन लॉकेट सहित, दो अंगूठी, दो कंगन गायब थे। उनका मोबाइल भी नहीं था। वह घर से आठ हजार रुपए लेकर निकली थी। वह भी नहीं थे। मां का कभी किसी से कोई विवाद नहीं हुआ। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है।
इन बिंदुओं पर हो रही जांच
– हत्या के पीछे की वजहः लूट या फिर कोई षड्यंत्र। जिस तरह से दुर्गा को घर से बुलाया गया और साथी महिला के बिना आने के लिए कहा गया, उस आधार पर महिला की रैकी करने का शक पुलिस को है।मोबाइल कॉल डिटेलः दुर्गा के मोबाइल की कॉल डिटेल। आखिरी कॉल किसका था। उस युवती का नंबर क्या था।मोबाइल लोकेशनः दुर्गा की लोकेशन कहां-कहां थी।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!