इंदौर, । फ्रेंड्स ऑफ एमपी समिट-2018 बुधवार से विजय नगर स्थित होटल मेरियट में शुरू होगी। शाम को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इंदौर में जन्मे लंदन के डिप्टी मेयर (व्यापार) राजेश अग्रवाल के साथ 18 देशों के अप्रवासी समिट में हिस्सा लेंगे। दो दिवसीय समिट के दूसरे दिन प्रदेश के मुख्य सचिव समेत तमाम आला अधिकारी अप्रवासियों से चर्चा करेंगे।फ्रेंड्स ऑफ एमपी में करीब 200 अप्रवासी प्रदेशवासियों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। समिट को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से अलग आयोजन बताते हुए अधिकारी साफ कर रहे हैं कि समिट का औद्योगिक निवेश और एमओयू से लेना-देना नहीं है।प्रदेश के विकास में अप्रवासी किस तरह भागीदार बनेंगे, इस पर चर्चा होगी। समिट के दौरान अप्रवासियों के सामने बीते वर्षों में हुई प्रदेश की तरक्की की कहानी प्रस्तुत होगी। साथ ही खास अप्रवासी अपनी सफलता की कहानी भी साझा करेंगे।
गाना और सराफा का खाना
समिट के मेहमानों के लिए इंडियन ओशियन बैंड की प्रस्तुति होगी। उद्घाटन समारोह के बाद प्रतिनिधि राजवाड़ा में लाइट एंड साउंड शो देखेंगे। फिर सराफा चाट-चौपाटी पर भी सरकार की ओर से उनकी मेहमानवाजी होगी।
सुपर कॉरिडोर हुआ चकाचक
समिट के मद्देनजर आईडीए ने सुपर कॉरिडोर को चकाचक कर दिया। मंगलवार को कॉरिडोर पर रंग-रोगन, सफाई, सेंट्रल लाइट ठीक करने का काम जारी रहा। ज्यादातर मेहमान कॉरिडोर से ही शहर में प्रवेश करेंगे। इसे देखते हुए आईडीए ने 10 दिन पहले से सड़कों पर यातायात पट्टे, डिवाइडरों पर पेंट का काम शुरू कर दिया है। नगर निगम ने कॉरिडोर पर दो शौचालय भी बनाए हैं। इसके अलावा कॉरिडोर के मुख्य कैरेज वे और सर्विस रोड की भी मशीनों से सफाई कराई गई है।






Be First to Comment