Press "Enter" to skip to content

इंदौर में रनवे पर उड़ रहे विमान में तेज आवाज, उड़ान की रद्द,


इंदौर। इंदौर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस के विमान में मंगलवार रात तकनीकी गड़बड़ी आ गई। तय समय से करीब आधा घंटा देरी से जैसे ही विमान ने टेक ऑफ करने के लिए रनवे पर दौड़ लगाई, तेज आवाज आई और कुछ पल के लिए विमान की लाइटें बंद हो गईं।अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों की जान सांसत में आ गई। घटना के बाद विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया। यात्री घंटों भीतर बैठे रहे। क्रू मेंबर्स उन्हें तकनीकी खामी कुछ देर में दूर होने का आश्वासन देते रहे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे विमान से सभी यात्रियों को उतार लिया गया।हादसा इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6ई 867 में हुआ। इसे 9.20 बजे इंदौर से दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। यात्रियों को 8.45 बजे ही विमान में बैठा दिया गया था। इसके बाद यात्री टेक-ऑफ का इंतजार करते रहे लेकिन क्रू-मेंबर्स उन्हें कुछ देर में रवाना होने की बात कहते रहे।रात करीब 9.45 बजे विमान ने जैसे ही रन-वे पर दौड़ना शुरू किया, धमाका हो गया। विमान में बैठे विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि धमाके के साथ एक पल को लगा कि जिंदगी ही खत्म हो जाएगी। कुछ पल बाद विमान की लाइट तो जल गई, लेकिन विमान को रन-वे पर ही रोक लिया गया। घबराए यात्री बार-बार क्रू मेंबर्स से स्थिति जानने का प्रयास करते रहे लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिला।
आखिर रद्द हुई उड़ान
विमानतल स्टाफ और एयरलाइंस कर्मचारियों ने दो घंटे तक सुधारने का प्रयास किया लेकिन सुधार नहीं हो सका। दिल्ली से दूसरा विमान बुलवाने की कोशिश भी हुई लेकिन सफलता नहीं मिली। यात्रियों ने हंगामा भी किया। बाद में एयरलाइंस ने सभी यात्रियों को बुधवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे की उड़ान से दिल्ली भेजने का आश्वासन दिया। एयरपोर्ट डायरेक्टर अर्यमा सान्याल ने बताया कि उड़ान भरने के पहले पायलट ने एटीसी को जानकारी दी थी कि विमान में हाईड्रोलिक समस्या आ रही है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!