भोपाल। साल 2018 के रोड मैप को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार दोपहर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से रूबरू हुए। इसके जरिए सीएम ने कलेक्टरों, एसपी को नए साल के सरकार के लक्ष्यों, योजनाओं और इरादों के बारे में बताया।इस बैठक में खासतौर से सीएम ने कहा कि 1 फरवरी से रेत की खदानें शुरू हो जाएंगी। निर्धारित फीस पंचायतों में जमा करके रेत निकाली जा सकेगी। इस बार रेत खदानों के संचालन का जिम्मा पंचायतों को सौंपा गया है।बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिस तरह से भिंड जिला अस्पताल व्यवस्थित है,ठीक उसी तरह बाकी के जिले भी करें। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जैसे ही निर्माण कार्य पूरा होकर जिले के लोगोंं आवंटित किए जा रहे हैं उनके बाकयदा गृह प्रवेश की फोटो सरकारी पोर्टल पर लगाई जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक ये जानकारी पहुंच सके।चंबल एक्सप्रेस वे को लेकर सीएम ने कहा कि इसके लिए तैयारियां तेज की जाए। इसके अलावा गड्ढेनुमा सड़कों को लेकर सीएम ने निर्देश दिए कि उन्हें जल्द से जल्द भरा जाए ताकि बारिश तक सड़के व्यवस्थित हालत में रहे। स्कूलों में बच्चों को गणवेश के बारे में सीएम ने कहा कि इस बार गणवेश सिलवाकर देना है तो इसके लिए महिला स्व सहायता समूहों को अभी से अधिकृत कर दिया जाए ताकि समय पर बच्चों को गणवेश दिया जा सके।सीएम ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में उपहारों के विस्तार के बारे में भी निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मलमास खत्म हो रहा है और इसके बाद सामूहिक विवाह कार्यक्रम शुरू होंगे। इस बार उपहार में स्मार्टफोन भी दिए जाएंगे लिहाजा सभी कलेक्टर विवाह कार्यक्रमों की तैयारियां अच्छे से करें।शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापित करने के लिए जारी एकात्म यात्रा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि सभी कलेक्टर अपने यहां हो रहे एकात्म यात्रा आयोजन में शामिल हों। खंडवा कलेक्टर से कहा कि 22 जनवरी को एकात्म यात्रा का समापन हो रहा है इसकी तैयारियां चाक-चौबंद होनी चाहिए।प्रदेश मुखिया द्वारा ली गई इस कांंफ्रेंसिंग के दौरान प्रमुख सचिव हरि रंजन राव ने 12 जनवरी से शुरु हो रही समाधान 1 दिन योजना का एक प्रस्तुतीकरण भी दिया। इधर सीएम ने राजस्व मामलों पर ध्यान देने के लिए अधिकारियों को कहा।
वहीं मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह ने भी अधिकारियों से कहा कि 6 तारीख से वे फिर संभागों के दौरों पर निकल रहे हैं।






Be First to Comment