Press "Enter" to skip to content

मूलभूत सुविधाओं को तरसे वार्ड 7 के वाशिंदे वोट नहीं देने की बात कहकर पार्षद ने मोड़ा मुंह

शिवपुरी। शहर में नगरपालिका क्षेत्र की वार्ड क्रमांक 7 के वाशिंदे शासन की तमाम योजनाओं के बाद भी मूूलभूत सुविधाओं के लिए जूझते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट, गंदगी आदि समस्याओं से यहां के निवासियों को प्रतिदिन दो चार होना पड़ रहा है। वार्ड में बिजली के खंबे हैं, लेकिन घरों में उजाला नहीं होता यही हाल स्ट्रीट लाइटों का भी है। इलाके में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नालियां न होने के कारण गंदगी सड़कों पर बहती रहती है। सड़कें कच्ची होने के कारण इन पर यह गंदगी भरी रहती है जिससे इन पर से निकलना भी मुश्किल होता है। इसके अलावा कॉलोनी में नगरपालिका का कचरा वाहन भी कचरा लेने नहीं जाता है और न ही कोई सफाईकर्मी सफाई करने जाता है। वार्डवासियों की मानें तो जब इन समस्याओं से वार्ड के पार्षद को अवगत कराया जाता है तो पार्षद का कहना रहता है कि उन्होंने उसे वोट नहीं दिए इसलिए वह इस क्षेत्र में कोई कार्य नहीं कराएया। जबकि नगरपालिका में भी वार्डवासियों द्वारा कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन वहां पर भी उन्हें केवल झूठे आश्वासन ही दिए जाते हैं। जब इस संबंध में वार्ड पार्षद भोलू धाकड़ से फोन पर संपर्क करना चाहता तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

बॉक्स

क्या कहते हैं वार्डवासी

-हमारी कॉलोनी में पानी नहीं है, नालियां नहीं है। कच्ची सड़कें हैं और हमें खुद ही नालियों की सफाई करनी पड़ती है। पार्षद द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जाती है।

रामकुमार भार्गव, निवासी वार्ड 7

-जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। कचरा गाड़ी नहीं आती है जिसके कारण बदबू आती रहती है। पार्षद जब से जीता है तब से आज तक नहीं आया और कहता है कि तुमने मुझे वोट नहीं दिये।

शिमला बाई, निवासी वार्ड 7

-हमारी कॉलोनी डायवर्टेट होने के बावजूद भी नगरपालिका द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। न तो पानी की सुविधा है और न ही कचरा गाड़ी आती है। हमारी लगातार अनदेखी की जा रही है।

पंकज भार्गव, निवासी वार्ड 7

-नाली का निर्माण न होने से सड़कों पर गंदा पानी बहता रहता है। हमारी कॉलोनी में स्वच्छ भारत के नाम पर कुछ नहीं है। जब नगरपालिका में बात की जाती है तो कहते हैं अभी पैसा नहीं आया है। पार्षद कभी मिलता नहीं है।

ऋषभ करोसिया, निवासी वार्ड 7

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!