Press "Enter" to skip to content

जुआरी पति से परेशान महिला ने किया अग्रिस्नान

शिवपुरी। लुकवासा थाना क्षेत्र के तहत पंचायत भवन के सामने रहने वाली एक महिला ने शुक्रवार की रात अग्रिस्नान कर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही महिला के परिजन मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दामाद पर उनकी पुत्री को परेशान करने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरु कर दी है। 
ग्राम लुकवासा की रहने वाली महिला रामसखी पत्नी पप्पू कुशवाह (30) ने शुक्रवार की रात आग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति घर पर नहीं था। जब वह घर आया तो उसने देखा कि गैलरी में उसकी पत्नी की जली हुई लाश पड़ी हुई है। जिस पर उसने डायल 100 को फोन लगाया लेकिन पुलिस सुबह के 10 बजे तक घटना स्थल पर नहीं पहुंची थी। वहीं एम्बूलेंस भी महिला को मृत देखकर उसे वहीं छोड़कर चली गई। मामले में पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। 
स्वहायता समूह के मिले रुपयों को पति ले गया जुआ खेलने
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि मृतक महिला रामसखी को बीते रोज स्वसहायता समूह के लगभग 25 हजार रुपए मिले थे जो उसने घर में रखी दिए थे। महिला का पति जुआ व शराब का आदि था जिसके चलते वह शुक्रवार को घर आया और 25 हजार रुपए उठाकर जुआ खेलने के लिए चला गया जिससे दुखी होकर महिला ने आग लगा ली। 
परिजनों ने लगाए पुत्री को परेशान करने के आरोप
घटना की सूचना मिलते ही महिला के परिजन तुरंत लुकवासा पहुंच गए और वहां उन्होंने महिला के पति पप्पू कुशवाह पर उसकी पुत्री को परेशान करने के आरोप लगाए। महिला के परिजनों का कहना था कि उसका पति शराब पीता था और आए दिन उसकी मारपीट करता था जिस कारण उनकी पुत्री परेशान रहती थी और इसी के चलते उसने आत्महत्या की है।
पुलिस को नहीं की गई सूचना
ग्रामीणों ने बताया कि महिला की मौत की जानकारी 108 एम्बूलेंस को दे दी गई थी जिस पर वह आई तो लेकिन महिला को मृत देखकर वह उसे वहीं छोड़कर चली गई। वहीं इस मामले की जानकारी पुलिस को भी नहीं दी गई। सुबह जब पुलिस को मामले की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंची एवं लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!