भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में निकाला 31 किमी लंबा भव्य रोड शो
मुख्यमंत्री चौहान और यशोधरा राजे सहित पार्टी के दिग्गजों ने की शिरकत
नामांकन के बहाने भाजपा का करारा जवाब….


शिवपुरी। 31 जनवरी को कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र यादव ने जिस तामझाम और तैयारी के साथ नामांकन फार्म भरा था उसका करारा जवाब आज भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन ने दिया है। कांग्रेस की तुलना में भाजपा का भीड़ और गाडिय़ों की व्यवस्था का प्रबंधन अधिक बेहतर रहा। कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन जुलूस में जहां 500 गाडिय़ों का काफिला था वहीं भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन के नामांकन जुलूस में लगभग एक हजार गाडिय़ां थीं। कांग्रेसी एकजुटता की तरह भाजपा ने भी नामांकन रैली में अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और अभी तक चुनाव से दूरी बनाकर चल रही यशोधरा राजे सिंधिया भी मुख्यमंत्री के साथ नामांकन जुलूस में पहुंची। श्री यादव के नामांकन में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, कमलनाथ, अरूण यादव, अजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी सहित समूची प्रदेश कांग्रेस मौजूद थी। उसी तरह आज भाजपा प्रत्याशी को नामांकन भराने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और अभी तक चुनावी परिदृश्य से दूरी बनाकर चल रहीं कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, कैबिनेट मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, ललिता यादव, विश्वास सारंग, रामेश्वर शर्मा पहुंचे। प्रबंधन के स्तर पर भाजपा ने निश्चित रूप से कांग्रेस को माकूल जवाब दिया है, लेकिन जनता का जवाब अभी आना शेष है।
कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र यादव के जोरदार नामांकन जुलूस के बाद भाजपा पर सभी की नजरें केंद्रित थी कि उसका जवाब क्या रहता है। इसके लिए पार्टी ने युद्ध स्तर पर तैयारियां की थीं। एक दिन पहले यशोधरा राजे सिंधिया कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने के लिए शिवपुरी पहुंची थी और उन्होंने पांच घंटे से अधिक कार्यकर्ताओं की मैराथन बैठक ली तथा कार्यकर्ताओं को गाडिय़ां लाने के टारगेट दिए गए। इसके बाद यशोधरा राजे भोपाल चली गईं और आज वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरोत्तम सिंह तोमर, प्रदेश सरकार की मंंत्री ललिता यादव के साथ हेलिकॉप्टर से सुबह 11:30 बजे बदरवास पहुंची। जहां भाजपा के दिग्गज नेताओं का प्रत्याशी देवेंद्र जैन सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद खुली गाड़ी में भाजपा प्रत्याशी का रोड़ शो शुरू हुआ। गाड़ी मेें प्रत्याशी देवेंद्र जैन के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, नंद कुमार सिंह चौहान, यशोधरा राजे सिंधिया, ललिता यादव, प्रभात झा, जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी आदि सवार थे। जबकि आगे आगे जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग आदि कार्यकर्ताओं के साथ चल रहे थे। बदरवास में स्थान स्थान पर रोड़ शो का स्वागत किया। रोड शो के दौरान देवेंद्र जैन लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे थे। बदरवास और लुकवासा के बीच ग्रामीण क्षेत्र में भी रोड़ शो का स्वागत हुआ। कोलारस में भी स्थान-स्थान पर रोड शो का स्वागत हुआ और रोड शो के दौरान कई घंटों तक भारी भीड़ के कारण रास्ता जाम रहा।
भाजपा प्रत्याशी को नामांकन भराने मोटरसाइकिल से पहुंचीं यशोधरा राजे

कोलारस विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र जैन ने आज अपनी नामजदगी का पर्चा निर्वाचन अधिकारी आरए प्रजापति के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, केबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी भी थे। खास बात यह रही कि देवेन्द्र जैन को नामांकन फार्म भराने के लिए सभा स्थल से यशोधरा राजे सिंधिया पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी की मोटरसाइकिल से निर्वाचन कार्यालय पहुंचीं।
सिंधिया सरकार नहीं शिवराज सरकार: सीएम

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोलारस में आयोजित सभा में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोलते हुए कटाक्ष किया है कि काहे की सिंधिया सरकार इस बार फिर शिवराज सरकार। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलारस उपचुनाव में कांग्रेसियों द्वारा झूठी शिकायतें की जा रही हैं। हम विकास का एजेण्डा लेकर चुनाव में आए हैं। कोलारस में बोर हो रहे, डीपी लग रही हैं, लेकिन कांग्रेस इसकी शिकायत कर रही है ताकि कोलारस का विकास न हो सके। मुख्यमंत्री ने सांसद सिंधिया को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने कोई विकास नहीं कराया है, लेकिन हम विकास करा रहे हैं तो यह उन्हें पच नहीं रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है और राजमाता की सुपुत्री यशोधरा राजे सहित पूरी भाजपा एकजुट होकर उपचुनाव में पार्टी की जीत के लिए जुटेगी।
चार देवेन्द्र चुनाव मैदान, एक दिन दाखिल किए पर्चे
विधानसभा क्षेत्र 27 कोलारस में उपनिर्वाचन हेतु सोमवार को 4 उम्मीदवारों द्वारा नाम निर्देशन पत्र कोलारस के न्यायालय कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर ए.आर.प्रजापति के समक्ष प्रस्तुत किए। खासबात यह है कि आज एक ही दिन एक ही नाम के चार उम्मीदवारों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए। नाम निर्देशन प्रस्तुत करने वालों में भारतीय जनता पार्टी के देवेन्द्र जैन, निर्दलीय देवेन्द्र सिंह पुत्र पहलवान सिंह, निर्दलीय देवेन्द्र सिंह पुत्र मुन्नीलाल और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में देवेन्द्र सिंह पुत्र जसबंत सिंह शामिल है। अभी तक कोलारस विधानसभा उपनिर्वाचन हेतु 10 उम्मीदवार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर चुके है।
अगर टेंट का खर्चा जुड़ा तो भाजपा प्रत्याशी का चुनाव खर्च की सीमा हो सकती है समाप्त

आज भाजपा के प्रत्याशी देवेन्द्र जैन ने सीएम के सरंक्षण में अपना नामांकन दाखिल किया। कोलारस में थाने के सामने वाले ग्राउंड में शानदार टैंट लगाया गया जिसमें स्टेज, माईक और हजारों की संख्या में कुर्सी भी रहीं। इससे पूर्व पिछले 4 माह में शिवराज सिंह ने कोलारस विधानसभा के 7 दौरे किए है। कोलारस के दौर में ऐसे ही शानदार पंडाल का उपयोग किया गया था। सूत्रों की मानें तो प्रत्येक पंडाल का खर्चा सवा करोड है जो कि सरकारी आकडों में दर्ज है। अब विचार करने वाला पहलू यह है कि यदि आज के टेंट का खर्चा यदि भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र जैन के खाते में जुड़ता है तो वह आगे चुनाव में क्या खर्च करेगें। इस मामले में जानकारों का कहना है कि चूंकि शिवराज सिंह भाजपा के स्टार प्रचारक है अत: यह खर्चा पार्टी के खाते में जुडेगा। अब यदि यह खर्चा प्रत्याशी के खाते में जोड़ दिया जाए तो प्रचार के लिए खर्चा की लिमिट आज ही खत्म हो जाएगा। यहां बताना होगा कि चुनाव आयोग ने विधान सभा का चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की खर्च करने की सीमा 28 लाख रूपए तय की है।
पानी से परेशान नागरिकों ने काफिले को दिखाईं खाली कट्टियां

जैसे ही रोड शो के दौरान खुली गाड़ी में सवार भाजपा प्रत्याशी सहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, नंद कुमार सिंह चौहान, यशोधरा राजे सिंधिया का वाहन वार्ड क्रमांक 9 से गुजरा तो यहां के लोगों द्वारा काफिले को खाली कट्टियां दिखाकर अपना विरोध जताया। इस दौरान नागरिकों द्वारा जनता त्रस्त शासन मस्त, पानी नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए गए। नागरिकों का कहना था कि विगत दो माह उन्हें पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस ओर न तो पार्षद और न ही नगर परिषद ध्यान दे रही है।
युवाओं ने अद्र्धनग्न होकर शरीर पर लिखवाया भाजपा

युवाओं द्वारा भाजपा के समर्थन में अद्र्धनग्न होकर शरीर को भाजपा के झंडे के रंग में रंगवाया फिर इस पर भाजपा का चिन्ह कमल बनाया और बीजेपी लिखाया वहीं एक युवा द्वारा भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र जैन का नाम लिखवाया।






Be First to Comment