कुख्यात गुंडे सतीश भाऊ का मकान तोड़ा, पुलिस और निगम की कार्रवाई,


इंदौर। शहर में वारदातें कर अकूत सम्पति अर्जित करने वाले गुंडों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई एक बार फिर शुरु हुई है। इस बार पुलिस ने कुख्यात गुंडे सतीश भाऊ पर कार्रवाई से शुरुआत की है। इसके अलावा पुलिस ने शहर के कुल 40 गुंडों की सूची बनाई है जिनपर कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि इंदौर पुलिस पूर्व में भी गुंडों और असामाजिक तत्वों के मकानों को तोड़ने की कार्रवाई कर चुका है। पिछले दिनों प्रभारी मंत्री ने इस तरह की कार्रवाई के लिए इंदौर पुलिस की तारीफ की और ऐसी ही कार्रवाई प्रदेश के दूसरे शहरों में भी करने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने दूसरे चरण की शुरुआत विजय नगर क्षेत्र स्थित कुख्यात गुंडे सतीश भाऊ के मकान तोड़ने की कार्रवाई से की। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल घर के आसपास तैनात और इलाके में तैनात किया गया। निगम, पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी इस दौरान मौजूद थे। कार्रवाई के तहत सतीश भाऊ का घर और अवैध कब्जों को तोड़ा गया। इससे पहले अधिकारियों ने जाकर पूरा घर खाली कराया। इस दौरान गुंडे के परिवार के सदस्य भी घर में मौजूद थे और अधिकारियों की समझाइश के बाद उन्होंने घर खाली किया और सारा सामान बाहर निकाला। इसके बाद निगम के बुल्डोजर ने मकान तोड़ने की कार्रवाई की।सतीश भाऊ पर हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, अवैध वसूली जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल सतीश भाऊ जेल में बंद हैं। बावजूद इसके शहर में उसका खौफ रहता है। वो जेल से ही अपनी गैंग ऑपरेट करता है।इंदौर पुलिस ने 40 गुंडोंं की सूची बनाई है जिन पर कार्रवाई की जाएगी। इनमें मनोज, डिम्पी, राजा, अशफाक, इसरार, गब्बर सहित खजराना, परदेशीपुरी, चंदन नगर, आजाद नगर इलाके के कई सूची बद्ध गुंडे शामिल हैं। अगले कुछ दिनों में इन गुंडों पर भी कार्रवाई की जाएगी। ये पूरी कवायद गुंडों और असामाजिक तत्वों की दहशत कम करने और गुंडागर्दी कर अर्जित की गई सम्पति को नष्ट करने के लिए की जा रही है।शहर में गुंडों ने अवैध वसूली, फिरौती और कई संगीन अपराधोंं के दम पर अकूत धन, सम्पति बना ली है। कई गुंडों के पॉश इलाकों में आलीशान मकान, बंगले और फ्लैट हैं। इन गुंडों की आर्थिक रुप से कमर तोड़ने के लिए इंदौर पुलिस ने ये कार्रवाई शुरु की।

संबंधित खबरें