पाइप लाईन लीेकेज पर व्यक्त की चिंता, चार दिन में लीकेज ठीक करने का दिया गया आश्वासन
शिवपुरी। स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया आज दतिया से चलकर मड़ीखेड़ा डैम पहुंची जहां उन्होंने सिंध जलावर्धन योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं के संबंध में कलेक्टर तरूण राठी और दोशियान कंपनी के अधिकारियों से चर्चा की। यशोधरा राजे ने इंटकबैल और फिल्टर प्लांट का भी अवलोकन किया तथा यहां पाइप लाइन में आ रहे लीकेज को देखकर चिंता व्यक्त की। दोशियान के प्रबंधक महेश मिश्रा ने उन्हें आश्वस्त किया कि चार दिन में लीकेज समस्या से मुक्ति मिल जाएगी तथा पानी शिवपुरी पहुंच जाएगा। सतनवाड़ा में तिरछी पाइप लाइन को भी यशोधरा राजे ने सीधा करने का आदेश दिया।
सात साल से शिवपुरीवासी सिंध जलावर्धन योजना के क्रियान्वयन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। तीन माह पहले जब सिंध का पानी शिवपुरी बायपास पर पहुंचा तो उस समय शिवपुरीवासियों ने जलाभिषेक यात्रा निकालकर अपने हर्ष को व्यक्त किया था तथा सिंध के आने का स्वागत किया था। परंतु तीन माह बाद भी काम की गति आगे नहीं बढ़ी बल्कि लीकेज के कारण बायपास तक सिंध का पानी आना मुश्किल हो गया। पाइप लाइन में लगातार लीकेज से पानी शिवपुरी तक नहीं पहुंच पा रहा जबकि कलेक्टर ने दोशियान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्च के तीसरे सप्ताह तक शहर की पांच टंकियां सिंध के पानी से भरकर पेयजल सप्लाई की जाए ताकि जल संकट से जूझ रहे शिवपुरीवासियों को कुछ हद तक निजात मिले। लेकिन जिस ढंग से सिंध जलावर्धन योजना आगे बढ़ रही है उससे सिंध का पानी घर-घर तक पहुंचे यह सपना साकार रूप लेता हुआ नहीं दिख रहा है। पाइप लाइन में लीकेज की समस्या से जूझ रही दोशियान कंपनी शेष कामों को भी पूरा करने की दिशा में आगे नहीं बढ़ रही। 18 पानी की टंकियों की कनेक्टिविटी का काम अभी शुरू भी नहीं हुआ तथा फिल्टर प्लांट भी शुरू किया जाना है। दोशियान कंपनी यह कहकर हाथ खड़े कर रही है कि नोटिफिकेशन के 6 माह बाद ही उन पर पानी के लिए दबाव बनाया जा सकता है। इस कारण सिंध की असली स्थिति जानने के लिए यशोधरा राजे सिंधिया आज मड़ीखेड़ा पहुंची जहां उन्होंने एकांत में कलेक्टर तरूण राठी और दोशियान के महेश मिश्रा एवं देवेंद्र विजयवर्गीय से चर्चा की। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि चर्चा में क्या-क्या तय हुआ। इसके बाद यशोधरा राजे ने इंटकवैल का भी अवलोकन किया और फिर वह फिल्टर प्लांट पहुंची जहां उन्होंने पाइप लाइन में लीकेज को देखा और उस पर चिन्ता व्यक्त की। दोशियान ने उन्हें भरोसा दिलाया कि चार दिन में लीकेज ठीक कर लिए जाएंगे।
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
यशोधरा राजे सिंधिया ने एबी रोड़ पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के पहले यशोधरा राजे सिंधिया ने मेडिकल कॉलेज के नक्शे को देखकर एक-एक बिंदु पर चर्चा की। उनके साथ कलेक्टर तरूण राठी, विधायक प्रहलाद भारती, एसपी सुनील कुमार पांडे सहित भाजपा नेतागण आदि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।






Be First to Comment