Press "Enter" to skip to content

मेला संस्कृति से आपसी भाईचारे और प्रेम की भावना होती है मजबूत : विधायक रावत

खटका मेले में उमड़ा जन सैलाब, दंगल प्रतियोगिता में बांटे गए एक लाख रूपए  से अधिक के पुरस्कार 

शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खटका में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले का शानदार आयोजन मेला समिति के अध्यक्ष राजेंद्र पिपलौदा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक किया गया। चार दिन तक चलने वाले इस मेले में आकर्षण का केंद्र दंगल प्रतियोगिता रही जिसमें 1 लाख रूपए से अधिक के पुरस्कार आयोजन समिति द्वारा पहलवानों को वितरित किए गए। खटका मेला में इस बार भीड़ ने समस्त पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए। अंतिम दिन खटका मेले में 30 से 40 हजार लोगों का जमावड़ा रहा। जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने 4 थानों की पुलिस को खटका में बुलाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने अपने सारगर्भित उदबोधन में बताया कि मेला संस्कृति से आपसी भाईचारे और प्रेम की भावना में वृद्धि होती है। उन्होंने खटका मेले के शानदार आयोजन के लिए आयोजन समिति खासकर अध्यक्ष राजेंद्र पिपलौदा को धन्यवाद दिया और कहा कि उनकी मेहनत से यह मेला विगत वर्षों की तुलना में अधिक सफल रहा। खटका मेले में हसली, नाल एवं दंगल प्रतियोगिता का भी रंगारंग आयोजन हुआ। जिसमें विजेता पहलवान को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रूपए की राशि आयोजन समिति के अध्यक्ष द्वारा दी गई। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सांसद प्रतिनिधि बैजनाथ सिंह यादव ने कहा कि खटका मेले एक ऐतिहासिक मेला है और इस तरह के आयोजनों से लोगों में मेलजोल और उत्साह की भावना में अभिवृद्धि होती है। उन्होंने आयोजन समिति से आग्रह किया कि खटका मेले को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें लगातार प्रयत्नशील रहना चाहिए। कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे अच्छे मेले में मुझे आमंत्रित कर मुझे इस क्षेत्र की संस्कृति देखने का अवसर दिया है। उन्होंने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता केशव सिंह तोमर ने कहा कि मैं पिछले 50 वर्षों से खटका मेले को देख रहा हूं। इस मेले के प्रति इस क्षेत्र के नागरिकों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। इस मेले में पुरूषों के साथ-साथ युवा, बुजुर्ग महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने आपको तरोताजा महसूस करते हैं और अब खटका मेला कुश्ती के माध्यम से प्रदेश में अपनी जगह बना रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र पिपलौदा ने मेले में पधारने के लिए सभी अतिथियों को धन्यवाद दिया और कहा कि उनके आने से इस मेले की गरिमा में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि खटका मेला इस क्षेत्र की संस्कृति की पहचान है और इस पहचान को बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोडेंगे। जिससे यह मेला दिन दूना रात चौगनी गति से प्रगति करे और देश के प्रमुख मेलों में इसका नाम शुमार हो। समापन समारोह का संचालन अरविंद सड़ैया और विजय यादव ने संयुक्त रूप से बहुत ही सुंदर और प्रभावी रूप में किया। इस अवसर पर रामपाल रावत, सुरेश राठखेड़ा, अवतार सिंह गुर्जर, एनपी शर्मा, बाइसराम धाकड़, विनोद धाकड़, अरविंद धाकड़, सेठ मेवालाल, सत्यम नायक, अनिल मलावरिया सचिव, माताचरण शर्मा, रमेश रावत, सरपंच भवर सिंह धाकड़, रामगोपाल धाकड़, सिद्धार्थ लढ़ा, अमर सिंह यादव, रामकुमार यादव शिवपुरी, संतराम यादव सरपंच, विनोद धाकड़ सरपंच, लखन यादव सरपंच, गिर्राज महेश्वरी, रामदयाल धाकड़, धर्मेंद्र रघुवंशी कर्मचारी नेता, गोपाल यादव, मदन सिंह रावत, कमरलाल परिहार, सिद्दार खां, नक्टू आदिवासी, रामप्रकाश शर्मा सहित कई पंचायतों के सरपंच जनपद सदस्य एवं गणमान्य जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। 

इन पहलवानों को मिले पुरस्कार

खटका मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में गब्बर पहलवान शिवपुरी, भारत सिंह मुरैना, सत्ते झांसी को 5100-5100 रूपए का पुरस्कार दिया गया। वहीं संतराम शिवपुरी को 8100 रूपए का पुरस्कार दिया गया। 21 हजार रूपए के प्रथम पुरस्कार हेतु हाथरस एवं हरियाणा के पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। इस पर दोनों पहलवानों को 10500-10500 रूपए का पुरस्कार प्रथम पुरस्कार के रूप में दिया गया। प्रथम पुरस्कार की 21 हजार रूपए की राशि आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र पिपलौदा के  सौजन्य से थी। 

आयोजन समिति ने पुलिस प्रशासन को दिया धन्यवाद

खटका मेले के सफलतापूर्वक आयोजन में मुख्य भूमिका पुलिस प्रशासन की रही जिसने पूरी मुश्तैदी के साथ मेले में एक भी गंभीर वारदात नहीं होने दी तथा भारी भीड़ को नियंत्रित किया। इसके लिए आयोजन समिति ने पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी पोहरी तथा थाना प्रभारी बैराड़, गोपालपुर और गोवर्धन का धन्यवाद ज्ञापित किया है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!