
अंत्योदय मेले में 12 हजार 727 हितग्राहियों को मिली 27 करोड़ 43 लाख से अधिक की सहायता
शिवपुरी। केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायतीराज एवं खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तय किया कि 2022 तक देशभर में ग्रामीण क्षेत्रों के 2 करोड़ 70 लाख आवासहीनों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जाएगें। इन परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नि:शुल्क रसोई गैस सिलेण्डर और सौभाग्य योजना के अंतर्गत नि:शुल्क बिजली के कनेक्शन भी दिए जाएगें। इस दिशा में केन्द्र एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा तेजी से काम किया जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री नरेद्र सिंह तोमर आज शिवपुरी जिले के जनपद पंचायत मुख्यालय पोहरी में आयोजित अंत्योदय मेला सह सरपंच एवं पंच सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रहलाद भारती ने की।
श्री तोमर ने इस दौरान 27 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकापर्ण एवं भूमिपूजन कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत 12 हजार 727 हितग्राहियों को 27 करोड़ 43 लाख 87 हजार रूपए की सहायता से भी लाभांवित किया। कार्यक्रम में मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजू बाथम, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुशील रघुवंशी, कलेक्टर तरूण राठी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डे, पूर्व विधायक नरेन्द्र बिरथरे, देवेन्द्र जैन, रमेश खटीक, माखनलाल राठौर, वीरेन्द्र रघुवंशी, जनपद अध्यक्ष प्रद्युम्न वर्मा, पूर्व जिला पंचयत अध्यक्ष जितेन्द्र जैन गोटू, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सरपंच, पंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। नरेन्द्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 के पहले इंदिरा आवास योजना के तहत एक वर्ष में मुश्किल से एक हितग्राही को आवास उपलब्ध हो पाता था। लेकिन 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनी केन्द्र सरकार ने निर्णय लिया कि 2022 तक सभी आवासहीनों को आवास उपलब्ध कराए जाए। इस दिशा में केन्द्र एवं मध्यप्रदेश सरकार ने कार्य शुरू कर दिया गया है। डेढ़ लाख की लागत से बनने वाले आवासों भवन, बरामदा, रसोईघर और शौचालय आदि की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय मेले के माध्यम से आज करोड़ रूपए की सहायता हितग्राहियों को दी जा रही है। करोड़ रूपए की लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को प्राप्त होगा।
मेडिक्लेम योजना के तहत गरीब परिवारों का होगा उपचार
श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि राशि के अभाव में गरीब व्यक्ति उपचार से बंचित न रहे इसके लिए केन्द्र सरकार ने मेडिक्लेम योजना शुरू की गई है, जिसके तहत 05 लाख रूपए तक का इलाज कराया जा सकेगा। इसके लिए बजट में भी प्रावधान किया गया है। योजना के तहत देश के 27 करोड़ परिवारों के 50 करोड़ व्यक्तियों को हेल्थ इंश्योरेंस से लाभ मिल सकेगा, इस योजना का लाभ 30 अप्रैल से मिलना शुरू हो जाएगा। श्री तोमर ने कहा कि देश की आदि से अधिक आबादी खेती किसानी पर निर्भर है, किसानों को उनकी उपज का बाजिव दाम मिले और कृषि लाभ का धंधा बने इसके लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार ने अनेकों योजनाएं संचालित की है। मध्यप्रदेश सरकार ने भावांतर भुगतान योजना एवं समर्थन मूल्य पर किसान की उपज खरीदने हेतु किसान को सुरक्षा कवच प्रदाय किया गया है और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भी लागू की गई है। खरीफ एवं रवी वर्ष में डेढ़ प्रतिशत प्रीमियम भी सरकारें जमा करा रही है। फसल का नुकसान होने पर बीमा के माध्यम से भरपाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय आजीविका मिशन शुरू किया गया है, जिसमें स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने हेतु प्रशिक्षण प्रदाय कर उनके उत्पादकों को सही दाम मिले इसके लिए मार्केट भी उपलब्ध कराया गया है। 42 लाख करोड़ की राशि ऋण के रूप में स्वसहायता समूहों को उपलब्ध कराई गई है। बड़े पूंजीपतियों द्वारा बैंको से ली गई ऋण की राशि बहुत कम जमा हो पाती है, जबकि स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा बैंको से लिए गए ऋण की राशि 98 प्रतिशत बैंको को वापस कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि 75 हजार करोड़ की राशि बैंको से स्वसहायता समूहों से लिंक कराई जा रही है।
जलसंरक्षण हेतु प्रत्येक गांव में शुरू करें तालाब निर्माण
श्री तोमर ने बिगड़ते पर्यावरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पानी का संकट जो हमारे सामने है, उसके पीछे हम सभी जिम्मेदार है, पर्यावरण संतुलन बनाने एवं पानी का अधिक से अधिक संग्रहण हो, इसके लिए मनरेगा में कनवर्सन के तहत प्रत्येक गांव में एक-एक तालाब निर्माण एवं पौधरोपण के कार्य हाथ में लिए जाए। मनरेगा में राशि की कोई कमी नहीं है। योजना के तहत मध्यप्रदेश के हिस्से की 50 प्रतिशत राशि 15 दिवस के अंदर प्रदाय की जाएगी। 65 प्रतिशत की राशि जलसंरक्षण के कार्य पर खर्च की जाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पानी के संकट से निजात हेतु नलजल योजना एवं हेण्डपंपों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
114 करोड़ की लागत से बनी सड़क का मिलेगा क्षेत्र के लोगों को लाभ
श्री तोमर ने कहा कि पोहरी, बैराड़ एवं भटनावर आदि क्षेत्र के लोगों ने कल्पना नहीं की थी कि पोहरी से मोहना तक ऐसा मार्ग बनेगा। लेकिन 114 करोड़ की लागत से पोहरी से मोहना सड़क मार्ग बनाया गया है। 400 मीटर का कार्य जो शेष रह गया है, वह भी 15 दिवस के अंदर पूर्ण हो जाएगा। जिससे यातायात भी सुगम होगा और ग्वालियर पहुंचने में समय एवं ईधन की बचत होगी। श्री तोमर ने कहा कि पोहरी में 80 लाख की लागत से खेल स्टेडियम एवं 45 लाख की लागत से पोहरी एवं छर्च में भी सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया है। परिच्छा, भटनावर, नरूआ एवं निजामपुर में भी 45-45 लाख के सामुदायिक भवन बनाए जाएगें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रहलाद भारती ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक इनकों योजनाओं की जानकारी प्रदाय करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने प्रधानमंत्री सड़क योजना, किसान क्रेडिट योजना संचालित की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मूर्थ रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार को कृषि उत्पादन के क्षेत्र में एक बार नहीं बल्कि 5 बार कृषि कमर्ण पुरस्कार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सूखे से प्रभावित किसानों को सूखा राहत की राशि 2 अप्रैल से प्रदाय की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के शुरू में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश जैन ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन श्री गिरीश मिश्रा ने किया।






Be First to Comment