निजी संस्थानों सहित कई शासकीय कार्यालयों में दिनभर नहीं हो पाए काम
शिवपुरी। अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णय के विरोध में कल दलित समुदाय का भारत बंद आंदोलन के दौरान उपजी हिंसा के बाद शहर के हालात सामान्य हो गए हैं और रोज की तरह सभी कामकाज शुरू हैं, लेकिन इंटरनेट सेवाएं आज भी बाधित रहीं जिससे निजी संस्थानों और कई शासकीय कार्यालयों में काम प्रभावित रहे। वहीं स्मार्टफोन से सूचना का आदान प्रदान करने वाले भी इंटरनेट न चलने के कारण परेशान रहे। यह सेवाएं आज रात्रि में शुरू की गई हैं। इंटरनेट सेवाएं बाधित होने से समाचार पत्र के कार्यालयों में भी पत्रकारों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
ज्ञात हो कि कल शिवपुरी शहर सहित जिले भर में कई घटनाएं घटित हुईं। जिनसे शहर की स्थिति खराब हो गई थी। उपद्रवियों ने कमलागंज क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया जिसे लेकर पुलिस को अश्रू गैस के गोले छोडऩे पड़े, लेकिन बाद में उत्पाती लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने अपना ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त किया। इसके बाद से ही इंटरनेट के माध्यम से सूचनाओं का आदान प्रदान शुरू हो गया और हिंसाओं की घटना की जानकारियां तेजी से वायरल होने लगी जिसे देखते हुए भारत सरकार ने चार राज्यों में इंटरनेट सेवाओं को बाधित करने का आदेश दिया। जिसके बाद सभी टेलीफोन कंपनियों ने इंटरनेट सुविधा बंद कर दी। जिसके बाद से लोगों तक घटनाओं की जानकारी नहीं पहुंच सकी और दोपहर बाद शिवपुरी सहित जिले में भर में शांति स्थापित हो गई और बाजार पूर्ण रूप से खुुल गए और जीवन सामान्य हो गया। हालांकि ग्वालियर, मुरैना और भिण्ड सहित डबरा में आज भी स्थिति असामान्य बनी हुई है जिस कारण इंटरनेट सेवाएं आज भी बाधित रहेंगी जो कल सुबह तक बाधित रहेंगी। इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण लोगों को काफी समस्याओं का सामना जरूर करना पड़ा, लेकिन शहर की शांत फिजा बिगडऩे से बची रही।






Be First to Comment