Press "Enter" to skip to content

दुकानदार सड़कों को बपौती समझकर सड़कों पर कर रहे कारोबार

न्यूब्लॉक में सड़कों पर फर्जीचर जमा होने से बन रहे जाम के हालात

(संजय चिड़ार) शिवपुरी। सिंधिया राजवंश की कभी ग्रीष्मकालीन राजधानी रही शिवपुरी की बनावट भी महानगरों की तरह रही और यहां अधिकतर बाजारों में चौड़ी-चौड़ी सड़कें हैं, लेकिन पिछले 10-5 सालों में इस शहर की दशा काफी खराब हो गई है। इसके लिए जहां प्रशासन और राजनीति की अनदेखी जिम्मेदार है। शहर के कुछ रास्ते एक समय ऐसे थे कि यहां से चार पहिया वाहन निकल जाते थे लेकिन आज हालत यह है कि यहां से पैदल तक निकलना मुश्किल है। जो रास्ते 15 फीट चौड़ेे रहे हैं वह दिन के समय चार से पांच फीट के रह जाते हैं। हम यहां बात कर रहे हैं न्यूब्लॉक चौराह से लेकर हंस बिल्डिंग तक की सड़क की चौड़ाई शहर की अन्य रोड़ों की अपेक्षा काफी है, लेकिन सड़क के दोनों ओर अधिकर फर्नीचर की दुकानें संचालित हैं। इन दुकानदारों द्वारा दुकान से 10-10 फिट आगे फर्नीचर का सामान ऐसे जमा लिया जाता है जैसे कि यह सड़कें आम सड़क नहीं, बल्कि इनकी बपौती हो। इन दुकानदारों की दबंगई के कारण हालात ऐसे निर्मित होते हैं कि इन सड़कों पर दिनभर जाम जैसे हालात दिखाई देते हैं। ऐसे नहीं है कि प्रशासन या फिर नगरपालिका इस सबसे अनभिज्ञ है, बल्कि सबकुछ जानकर भी अनजान बना हुआ है। 

15 फीट का रास्ता हुआ 4 फीट में तब्दील

न्यू ब्लॉक जामा मस्जिद से टेकरी होते हुए गल्र्स स्कूल तक पहले 15 फीट चौड़ा रास्ता हुआ करता था, लेकिन आज दुकानदारों और ठेले वालों ने इस पर कब्जा कर यहां चलने के लिए चार फीट भी जगह नहीं छोड़ी है। कई बुजुर्ग लोग बताते हैं कि पहले इस गली में चार पहिया वाहन तक निकल जाते थे लेकिन अब स्थिति यह है कि पैदल लोग नहीं निकल पा रहे हैं। मुख्य बाजार के इस रास्ते पर दुकानें सजीं हैं। फुटपाथ पर सामान बेचने वालों ने कब्जा कर लिया है। इस तरह की स्थिति शहर के अन्य मुख्य मार्गों और गलियों की भी है। जगह-जगह अतिक्रमण किए जाने के कारण इस तरह की परिस्थितियां उत्पन्न हुईं हैं। इन अतिक्रमणों को हटाने के लिए यातायात पुलिस और नगर पालिका एक दूसरे पर जिम्मेदारी टाल कर कार्रवाई नहीं करते। दोनों विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें तो इन मार्गों पर जो अतिक्रमण आवागमन में बाधा बन रहा है उसे हटाया जा सकता है। 

इन क्षेत्रों में अतिक्रमण से बिगड़ रहे हालात

शहर में धड़ल्ले से अतिक्रमण बढ़ रहे हैं और नगरपालिका तथा प्रशासन लापरवाह बने हुए हैं। कोर्ट रोड, सदर बाजार, लखेरा गली, बताशा गली, टेकरी गली, आर्य समाज रोड, कमलागंज, पुरानी शिवपुरी आदि क्षेत्रों में अतिक्रमण का बोलबाला है। शहर की सबसे चौड़ी सड़क कोर्ट रोड पर जमकर अतिक्रमण है। जिस कारण यहां दिन में अनेकों बार जाम लगता है। खासकर लड़ा साहब की दुकान के सामने और सब्जी मंडी के सामने हालात खासे खराब हैं। ऐसा क्यूं इसका एकमात्र कारण है कि यहां के दुकानदारों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर लिया है। सब्जी मंडी के सामने तो बीच सड़क पर फल मंडी संचालित हो रही है। सुबह तो हालात ऐसे हो जाते हैं कि पूरी सड़क गायब हो जाती है और थोक फल विक्रेता अतिक्रमण कर लेते हैं जिससे यहां काफी देर तक यातायात बाधित रहता है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!