
शिवपुरी – पीसीपीएनडीटी की जिला सलाहकार समिति के अध्यक्ष
जिला कलेक्टर तरूण राठी के निर्देश पर बीते रोज समिति के सदस्यों ने नोडल अधिकारी के नेतृत्व में शहर के दो सोनोग्राफी सेंटरों पर पहुंचकर उनका बारीकी से निरीक्षण किया। इनमें से एक प्राईवेट हॉस्पीटल में काफी दिनों बंद पड़ी मशीन को विक्रय करने की अनुमति मांगी थी। तो दूसरे में मशीन सील्ड रखी हुई थी।
विगत दिनों पीसीपीएनडीटी की सलाहकार समिति की बैठक जिला कलेक्टर तरूण राठी के द्वारा आहुत की गई थी। जिसमें पीसीपीएनडीटी से संबंधित कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया था। इस बैठक में एम.एम. अस्पताल शिवपुरी के संचालक के द्वारा उनकी सोनोग्राफी मशीन को विक्रय करने की अनुमति मांगी गई थी। इस पर जिला कलेक्टर तरूण राठी ने सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर को निर्देशित किया था कि वे इस मशीन का भौतिक सत्यापन करायें तथा साथ ही अन्य सोनोग्राफी केन्द्रों का निरीक्षण भी करें।
इसी तारतम्य में नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी एक्ट डॉ. संजय ऋषिश्वेर के नेतृत्व में सलाहकार समिति के सदस्य आलोक एम इंदौरिया, श्वेता गंगवाल और राजेन्द्र राठौर की टीम द्वारा एम.एम. हॉस्पीटल पहुंचकर उक्त शील्ड मशीन के बारे में जानकारी ली गई। मौके पर एम.एम. हॉस्पीटल के संचालक डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ. जेपीएस यादव मशीन को लोहे की अलमारी में सील करवा कर चाबी अपने साथ ले गए थे। अत: निर्णय अनुसार मार्केट से ताला खोलने वाली व्यक्ति को बुलाकर अलमारी का ताला तोड़ा गया जिसमें मशीन पूर्णत: सुरक्षित अवस्था में पाई गई। पुन: मशीन पर समिति के सदस्यों एवं संचालक एमएम अस्पताल के द्वारा हस्ताक्षर युक्त सील लगाकर प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद दल के द्वारा कविता नर्सिंग होम हलवाई खाना शिवपुरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम की संचालिका डॉ. कविता गर्ग के द्वारा उनकी संस्था में सील्ड रखी हुई सोनोग्राफी मशीन का अवलोकन कराया गया एवं एमपीटी से संबंधित रिकॉर्ड का अवलोकन करा कर समिति के सदस्यों द्वारा चाही गई जानकारी एवं प्रश्नों का संतोषप्रद जवाब दिया जिससे संतुष्ट थी।






Be First to Comment