सोशल साइड पर पुलिस की पैनी नजर

शिवपुरी। अनुसूचित जाति-जनजाति एक्ट में बदलाव के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर दो अप्रैल को हुए भारत बंद के बाद अब 10 अप्रैल को विभिन्न संगठनों के बंद को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने हाईअलर्ट जारी किया है। इसके लिए जिला मुख्यालय पर जिला सहित बाहर से पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। वहीं जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक में किसी भी तरह के धरना प्रदर्शन रैली की अनुमति देने पर भी रोक लगा दी है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडे और कलेक्टर तरूण कुमार राठी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं कलेक्टर तरूण कुमार राठी ने छात्र छात्राओं के आवागमन में असुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। साथ ही सोशल साइड पर भी पुलिस के एक विशेष दल की पैनी निगाह बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक 10 अप्रैल के प्रचारित भारत बंद को लेकर शिवपुरी में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जिसमें बाहर से पुलिस बल भी शिवपुरी में तैनात हो गया है। साथ ही वज्र वाहन और अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी व्यवस्था कर ली गई है। कलेक्टर द्वारा हाल ही में जिले में सोशल साइड पर धारा 144 लागू की गई थी। जिसे 4 जून तक प्रभावी बनाया गया है। जिस पर पुलिस की विशेष नजर है।
पब्लिक पार्लियामेंट के सत्याग्रह की अनुमति निरस्त
जिले में लागू धारा 144 और कल होने वाले कथित भारत बंद को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में किसी भी धरना प्रदर्शन और रैली को अनुमति न देने का फैसला लिया गया है। उसके बाद आज से शुरू होने वाला पब्लिक पार्लियामेंट का जल सत्याग्रह संस्था के सदस्यों ने स्थगित कर दिया है। उन्हें एसडीएम कार्यालय से अनुमति निरस्त करने का पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें धारा 144 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि अनुविभागीय अधिकारी पुलिस से अभिमत के अनुसार उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा सकती। पब्लिक पार्लियामेंट से जुड़े सदस्यों का कहना है कि देश के वर्तमान हालातों और क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दृष्टि से वह प्रशासन की भावनाओं का सम्मान करते हुए तय समय सीमा से हटकर आगामी समय में उक्त सत्याग्रह प्रारंभ करेंगे।
इनका कहना है-
कानून व्यवस्था बनाने के लिए जिले के पुलिस बल सहित बाहर का पुलिस बल तैनात किया गया है और वज्र वाहन के साथ अन्य सुरक्षा के उपकरण स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे। हालांकि शिवपुरी में विभिन्न संगठनों ने शांति बनाने का पुलिस और प्रशासन को शंाति समिति की बैठक में आश्वासन दिया है और मुझे विश्वास है कि शिवपुरी जैसे अच्छे लोग फालतू अफवाहों से बचते हैं और वह शहर में शांति स्थापित करने में कल अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।






Be First to Comment