कई जोड़े बधेंगे परिणय सूत्र में

शिवपुरी। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बाल्मिकी समाज द्वारा विशाल नि:शुल्क विवाह सम्मेलन का आयोजन दिनांक 24 मई 2018 को महर्षि बाल्मीक आश्रम प्राचीन काली माता मंदिर श्रीराम कॉलोनी शिवपुरी पर किया जा रहा है। सम्मेलन में अनेक जोड़ों के विवाह संपन्न कराए जाएंगे। इस आशय की जानकारी मंदिर के महंत भग्गूराम करौसिया ने दी।
महंत भग्गूराम ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में आयोजक एवं भक्तगणों की ओर से वधू को उपहार स्वरूप सोने का नाक काटा, बिछिया चांदी की, कान के टोक्स चांदी के, बीजासेन की पुतली, मंगलसूत्र एवं वर के लिए पलंग एवं वर्तन दिए जाएंगे। सम्मेलन को शासन की मंशा एवं सामाजिक समरसता की भावना के अनुरूप मूर्त रूप देने के उद्देश्य से कुछ शर्तें तय की गई हैं जिसमें आयु प्रमाण पत्र लड़की की उम्र 18 वर्ष और लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिये। विवाह सम्मेलन में शामिल होने वालों से अपील है कि वह शराब एवं किसी भी प्रकार का नशा करके ना आये अन्यथा पुलिस कार्यवाही की जावेगी। पंजीयन केवल 10 मई 2018 तक ही मान्य होंगे, वर पक्ष को पंडितजी, दो वर माला, चढ़ावे का सामान, पांवड़ा लाना होगा। वधु पक्ष को मड़वा कम्ब, कलश, परली, तोरन लेकर आना होगा। महंत भग्गूराम ने समाजसेवियों, उदार गणमान्य नागरिकों से आयोजन को भव्य रूप में परिणित करने हेतु सहयोग देने की अपील की है।






Be First to Comment