बाइक चोरियों का ग्राफ बढ़ा: बांकड़े मंदिर प्रांगण सहित कस्टम गेट से मोटरसाइकिल चोरी

file photo

शिवपुरी। जिलेभर में बाइक चोरियों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बाइक चोरियों की बढ़ते ग्राफ से अंदाजा लगाया जा रहा है कि जिले में कोई बड़ा बाइक चोर गिरोह सक्रिय है जो बड़ी चालाकी से चोरी की इन घटनाओं को अंजाम दे रहा है। अभी तक पुलिस इस चोर गिरोह तक पहुंचने में असफल रही है। कल चोरों ने दोपहर के समय बांकड़े मंदिर प्रांगण में रखी विपिन पुत्र विजय पंवार उम्र 24 वर्ष निवासी कमलागंज की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 एमएल 1334 को निशाना बनाया और चोरी कर ले गए। विपिन ने घटना की शिकायत देहात पुलिस में दर्ज कराई। वहीं दूसरी वारदात कस्टम गेट के पास स्थित एड. उत्तमचंद के कार्यालय के बाहर घटित हुई। जहां से चोर सौरव पुत्र भगवानदास गर्ग निवासी राधाकुंज महल रोड की स्प्लेण्डर एनएक्सजी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 33 एमडी 6390 को चोरी कर ले गए। फरियादी ने मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट कोतवाली पहुंचकर दर्ज कराई।