Press "Enter" to skip to content

महिलाओं ने यशोधरा राजे की कार रोककर पार्षद विजय खन्ना व इस्माइल खान पर लगाया दबंगई का आरोप

आंगनवाड़ी प्रशिक्षण केन्द्र पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थी मंत्री तभी महिलाओं ने रोका

शिवपुरी। शहर में सिंध नदी का पानी आने के बाद भी पार्षदों की दबंगई के कारण किस तरह जनता एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रही है। इसकी नजीर आज उस समय मिली जब कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक यशोधरा राजे सिंधिया न्यूब्लॉक में आंगनबाड़ी प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंची। यहां जल संकट से परेशान लगभग एक सैंकड़ा महिलाओं ने यशोधरा राजे की गाड़ी का काफिला रोक लिया और उनसे पानी की मांग की। महिलाओं की भीड़ के कारण काफी देर तक यशोधरा राजे कार में बैठी रहीं और पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर महिलाओं को हटाकर यशोधरा राजे को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। कार्यक्रम के बाद में पीडि़त वार्ड की जनता से यशोधरा राजे ने चर्चा की और उनकी पेयजल समस्या का निदान करने के लिए सीएमओ गोविंद भार्गव, सब इंजीनियर करारे, विधायक प्रतिनिधि डिंपल और पार्षद भानु दुबे को बुलाकर पीडि़त लोगों की समस्या हल करने के निर्देश दिए।
इसके पूर्व सर्किट हाउस में वार्ड क्रमांक 2 की महिलाएं पानी की मांग को लेकर पहुंची थी और खास बात यह है कि उन्हें और कोई बल्कि एल्डरमेन विक्की भदौरिया लेकर पहुचे थे। यशोधरा राजे ने महिलाओं से कहा कि उन्हें पानी दिलाना एल्डरमेन की जिम्मेदारी है।  
तय कार्यक्रमानुसार मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को 8:30 बजे वन स्टॉप सेंटर का उदघाटन करने न्यूब्लॉक पहुंचना था, लेकिन सर्किट हाउस में विधायक प्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं की बैठक के कारण वह डेढ़ घंटे बाद लगभग 10 बजे वहां पहुंची। उनका डेढ़ दो घंटे से वार्ड 30 और 32 की पानी से परेशान महिलाएं इंतजार कर रही थीं, लेकिन जब यशोधरा राजे सिंधिया वहां पहुंची तो महिलाएं आक्रोशित होकर उनकी कार के आगे खड़ी हो गई और कार को रोक लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षद विजय खन्ना और कांग्रेसी पार्षद इस्माइल खान की मनमानी के कारण उन्हें पानी नहीं मिल रहा है। महिलाओं की संख्या को देख पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल उन्हें कार के आगे से हटाया और कार को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। जहां यशोधरा राजे सिंधिया ने कार से उतरकर महिलाओं से चर्चा की। 

पार्षद खन्ना कहते हैं वोट जिन्हें दिए हैं पानी उनसे मांगो

महिलाओं ने पार्षद विजय खन्ना की शिकायत करते हुए कहा कि वह पानी देने में अड़ंगा बने हुए हैं और जानबूझकर उन्हें पानी नहीं दे रहे। उन पर पानी देने में भेदभाव का आरोप भी महिलाओं ने लगाया और कहा कि उन्हें पार्षद द्वारा कहा जाता है कि उन्होंने चुनाव के समय वोट नहीं दिए थे इसलिए उन्हें पानी नहीं दिया जाएगा जिस पर यशोधरा राजे ने पार्षद विजय खन्ना को बुलाकर उनसे सफाई मांगी। पार्षद की बात सुनकर महिलाओं ने बहस शुरू कर दी। जिस पर यशोधरा राजे ने हस्तक्षेप कर उनकी समस्या जल्द से जल्द हल करने की बात कही। 
एल्डरमेन ही तुम्हारी समस्या को हल करेगा : यशोधरा राजे
सर्किट हाउस पर पेयजल समस्या से जूझ रही वार्ड क्रमांक 2 की महिलाएं एल्डरमेन विक्की भदौरिया के साथ पहुंची। जहां महिलाओं ने यशोधरा राजे सिंधिया से शिकायत की कि उन्हें पानी नहीं मिल रहा है ऐसी स्थिति में उनकी हालत बहुत खराब है। जिस पर यशोधरा राजे सिंधिया ने महिलाओं से एल्डरमेन विक्की भदौरिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि मैंने विक्की को एल्डरमेन नियुक्त किया है और उनकी जिम्मेदारी है कि वह तुम्हारी समस्या का हल करे। उन्होंने महिलाओं से कहा कि विक्की भदौरिया ही अब तुम्हें पानी दिलाएगा। 

40 रूपए ड्रम के हिसाब से खरीदकर प्यास बुझा रही है जनता 

आंगनबाड़ी प्रशिक्षण केंद्र पर पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने अपना आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से बताया जाता है कि सिंध का पानी शहर तक आ गया है, लेकिन हकीकत कुछ और है। वह पिछले लंबे समय से पानी खरीदकर पी रहे हैं जिन्हें 40 रूपए में एक ड्रम और 10 रूपए में 3 कट्टी पानी दिया जाता है जबकि नगरपालिका दावा कर रही है कि सिंध का पानी टंकियों तक पहुंच गया है और वहां से लोगों के घरों तक पानी सप्लाई हो रहा है, लेकिन सत्यता यह है कि चीलौद पानी की टंकी से कई स्थानों पर पाइप लाइन ही नहीं है और जब वह पानी भरने टंकी पर पहुंचते हैं तो उन्हें वहां मौजूद कर्मचारी पन्ना यह कहकर भगा देता है कि चीलौद टंकी में पानी ही नहीं है जिससे यह सिद्ध होता है कि नगरपालिका और पार्षद मिलकर जनता से छलावा कर रहे हैं। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!