Press "Enter" to skip to content

मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप चलते समय से पूर्व हटाए गए कलेक्टर राठी

शिवपुरी। कोलारस विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी की गाज कलेक्टर तरूण राठी पर गिरी है और चुनाव आयोग की आपत्ति के बाद राज्य शासन ने उन्हें शिवपुरी से हटा दिया है। उनके स्थान पर 2008 बैच की आईएएस अधिकारी शिल्पा गुप्ता नई कलेक्टर बनी है। 2010 बैच के आईएएस तरूण राठी को शिवपुरी आए एक साल भी नहीं हुआ है। उन्होंने जून 2017 में शिवपुरी कलेक्टर का कार्यभार संभाला था। 

कोलारस विधानसभा उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने वहां की मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे जिसकी जांच प्रदेश की मुख्य चुनाव आयुक्त सलीना सिंह ने की थी। जिन्होंने जांच में पाया कि कोलारस विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में 1900 ऐसे मतदाता थे जिनकी प्रविष्टि सूची में एक से अधिक बार की गई थी। वहीं 5537 ऐसे मतदाता थे जो मृत हो चुके थे, लेकिन जिनका नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया गया था। मुख्य चुनाव आयुक्त का कहना था कि मतदाता सूची की जांच बूथ लेवल अधिकारी और इलेक्ट्रोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर को करनी चाहिए थी जो उन्होंने नहीं की। वहीं निर्वाचन अधिकारी को मतदान से पूर्व समय समय पर मतदाता सूची की समीक्षा करनी चाहिए थी जो उनके द्वारा नहीं की गई। इस तरह से मुख्य चुनाव आयुक्त सलीना सिंह ने कलेक्टर तरूण राठी को दोषी मानते हुए रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव आयोग को भी भेजी थी। सूत्रों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त की इस रिपोर्ट के बाद कलेक्टर राठी का हटना तय था, क्योंकि इसी वर्ष मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। उन्हें हटाए जाने का आदेश कल देर रात 1 बजे जारी हुआ और उनके स्थान पर माध्यमिक शिक्षा मण्डल की अपर प्रबंध संचालक शिल्पा गुप्ता को शिवपुरी कलेक्टर बनाया गया है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!