प्रशासन और टेंकर मालिकों की बैठक में लिया निर्णय

शिवपुरी। सार्वजनिक जल स्त्रोतों के गिरते जल स्तर के कारण लोगों के सामने जल संकट की विकराल समस्या उत्पन्न हो गई इसी के चलते निजी टेंकर मालिकों ने एकाएक टेंकरों की रेट 250 और 300 रुपए बढ़कार 500 और 600 रुपए तक कर दी और शहरवासियों की मजबूरी हो गई कि वह इसी दर में टेंकर खरीदें। चूंकि सिंध पानी भी शिवपुरी में आ गया है इसी के चलते प्रशासन निजी पेयजल आपूर्ति करने वाले टेंकरों की दरे निर्धारित करने हेतु डिप्टी कलेक्टर संजीव जैन की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। जिसमे सदस्य के रूप में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.एल.बाथम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवपुरी जी.पी.भार्गव, नगर पालिका शिवपुरी के सहायक यंत्री आर.डी.शर्मा शामिल हैं। समिति द्वारा आज जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में निजी टेंकर मालिकों के साथ बैठक की गई। बैठक में निर्णय लिया गया है कि निजी टेंकरों को नगरपालिका के हाईडेंटों से भरा जाएगा जिसके ऐवज में 3000 लीटर के टेंकर से 50 रुपए लिए जाएंगे और 4000 लीटर के टेंकर से 70 रुपए की लिए जाएंगे जिसकी रसीद काटी जाएगी। टेंकर मालिकों द्वारा 3000 लीटर के टेंकर को 250 रुपए में और 4000 लीटर के टेंकर को 3000 रुपए में आमजन को उपलब्ध कराया जाएगा। अगर कोई टेंकर चालक इससे अधिक रुपए मांगता है तो इसकी शिकायत 9826702211 नंबर पर कॉल करके दर्ज करा सकता है।




