Press "Enter" to skip to content

महिलाओं ने मटके लेकर निकाली जल क्रांति के समर्थन में रैली, सौंपा ज्ञापन

घर घर तक सिंध का पानी पहुंचाने और भ्रष्टाचारियों को दंडित करने की मांग की 

शिवपुरी। सिंध के पानी को घर घर तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे जल क्रांति सत्याग्रह को आज और एक उल्लेखनीय सफलता हासिल हो गई। भीषण गर्मी में जल क्रांति के समर्थन में महिलाएं सड़क पर उतरीं और उन्होंने प्रभावी रैली निकालकर प्रशासन से सिंध के पानी की मांग की। आक्रोशित महिलाएं सिर पर मटका लिए चल रही थीं जिन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर खाली मटके फोड़े। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में महिलाओं ने अपनी व्यथा का बखान करते हुए कहा कि पानी के अभाव में उनकी सारी दिनचर्या अस्त व्यस्त हो चुकी है। टैंकर से पानी भरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टैंकर चालकों द्वारा अभद्रता भी की जाती है। यह सारी स्थिति इसलिए है कि दस साल में भी सिंध जलावर्धन योजना पूर्ण नहीं हुई और घरों तक सिंध का पानी नहीं पहुंचा। पानी की मांग के साथ साथ योजना में भ्रष्टाचारियों को दंडित करने की मांग भी महिलाओं ने की।
जल क्रांति सत्याग्रह के समर्थन में बड़ी संख्या में महिलाएं आज कलेक्ट्रेट के नजदीक पहुंची जहां उन्होंने पूर्ण अनुशासित ढंग से रैली निकाली। रैली में शामिल महिलाएं नारे लगा रही थीं कि प्रशासन तुम एक काम करो, चूड़ी पहनकर काम करो। इसके अलावा वह हम सबने यह ठाना है सिंध का पानी लाना है। हम सब मिलकर जोर लगाएंगे सिंध का पानी लाएंगे के नारे भी उन्होंने गगनभेदी आवाज में बुलंद किए। इसके बाद महिलाओं ने कलेक्ट्रेट जाकर ज्ञापन सौंपा। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!