
शिवपुरी-कलेक्टर तरूण राठी का उपसचिव के पद पर भोपाल स्थानांतरण होने पर कलेक्ट्रेट कार्यालय शिवपुरी के अधिकारी एवं कर्मचारियों और जिला अधिकारियों ने भावभीनी बिदाई देकर उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की। इस मौके पर नवागत कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता का स्वागत कर श्री राठी को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विदाई समारोह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर अनुज रोहतगी, डिप्टी कलेक्टर, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, तहसीलदार सहित कर्मचारीगण आदि उपस्थित थे।
तरूण राठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवपुरी जिले में कलेक्टर के रूप में उनका 11 महीने 11 दिन के कार्यकाल में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में भरपूर सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि कोलारस विधानसभा उपचुनाव कराने में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जो दायित्व एवं कार्य सौंपा गया, उसे टीम भावना के साथ पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पूरा किया। उन्होंने कहा कि नवागत कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता के नेतृत्व में जिले के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में भरपूर सहयोग देकर प्रदेश में जिले को अग्रणीय स्थान प्राप्त होगा।
नवागत कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने तरूण राठी के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाए देते हुए कहा कि श्री राठी द्वारा जिले में जो कार्य अपूर्ण है, उन कार्यों को सभी के सहयोग से पूर्ण किया जाएगा।
अपर कलेक्टर अनुज रोहतगी ने तरूण राठी के शिवपुरी कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके सेवाकाल को हमेशा याद किया जाता रहेगा। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर आर.ए.प्रजापति, जिला आबकारी अधिकारी श्री माणिकपुरी, दुबे बाथम आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन गिरीश मिश्रा ने किया।






Be First to Comment