Press "Enter" to skip to content

उज्जैन से दर्शन कर लौट शिवपुरी के दो लोगों की बीनागंज में दर्दनाक हादसे में मौत, आधा दर्जन घायल, झपकी आना बना दुर्घटना का कारण


तेज रफ्तार कार पुल की रैलिंग तोड़कर मकान में जा घुसी
सहगल टेंट के संचालक अंकुर सहित 6 घायल, एक दिल्ली रैफर

शिवपुरी। गुना जिले के चाचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बीनागंज मेें घोड़ापछाड़ पुल पर हुए एक दर्दनाक हादसे में शिवपुरी के कपड़ा व्यवसायी 30 वर्षीय नमन अग्रवाल और आरोग्य प्रिटिंग प्रेस के संचालक जगदीश अग्रवाल की पुत्र बधु 29 वर्षीय श्रीमति कल्पना अग्रवाल पति चिराग अग्रवाल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें सहगल टेंट हाऊस के युवा संचालक अंकुर सहगल की हालत नाजुक बताई जाती है। 30 वर्षीय अंकुर सहगल को इलाज के लिए दिल्ली रैफर कर दिया गया है। जबकि अन्य लोग डोली अग्रवाल पत्नि नमन अग्रवाल, चिराग मित्तल, पलक सहगल पत्नि अंकुर सहगल, लवित सहगल पुत्र अंकुर सहगल, भानी मित्तल पुत्री चिराग मित्तल गंभीर रूप सेे घायल हुए है। दुर्घटना के समय कार मृतक नमन अग्रवाल चला रहे थे  और ऐसा प्रतीत होता है कि झपकी आना दुर्घटना का कारण बना। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि घोड़ापछाड़ पुल की रैलिंग तोड़कर  कार सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार इतनी तेज गति में थी कि दुर्घटना के बाद कार जमीन से लगभग 20 फिट ऊपर उछल गई और फिर रैलिंग तोड़ती हुई नीचे जा गिरी। गनीमत यह रही कि मकान में कोई मौजूद नहीं था सिर्फ उसमें जानवर बंधे हुए थे।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना में घायल और मृतक नमन अग्रवाल, चिराग मित्तल  और अंकुर सहगल घनिष्ठ मित्र हैं। नाई की बगिया निवासी मृतक नमन अग्रवाल की टेकरी रोड़ पर ब्यूटी कलेक्शन के नाम से कपड़े की दुकान है। जबकि नमन का मित्र चिराग मित्तल की आर्य समाज रोड़ पर ठाकुरजी प्रिटिंग प्रेस के नाम से दुकान है। तीसरा मित्र अंकुर सहगल नगर पालिका में ठेकेदार है। बताया जाता है कि तीनों मित्र अंकुर सहगल, नमन अग्रवाल और चिराग मित्तल आर्टिका गाड़ी से भोपाल पासपोर्ट के काम से गए थे। उनके साथ उनकी पत्नियां भी थीं। वहीं अंकुर सहगल के पुत्र और चिराग मित्तल की पुत्री भी साथ गए थे। भोपाल में पासपोर्ट का काम निपटाने के बाद वे सभी 8 लोग गाड़ी से उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन करने के लिए गए। बताया जाता है कि कल रात वह उज्जैन से शिवपुरी के लिए रवाना हुए। रात्रि करीब 2 से 3 बजे की बीच जैसे ही वह ग्राम बीनागंज के घोड़ापछाड़ पुल पर पहुंचे उसी समय कार चला रहे नमन पुत्र गणेश अग्रवाल उम्र 30 वर्ष निवासी नाई की बगिया को नींद का झोंका आ गया जिस जगह घटना हुई उस जगह मोड़ भी था जो नमन को नहीं दिखा और कार उसी रफ्तार में ब्रेकर पर चढ़ गई। जिससे कार हवा में उछलकर रैलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे बने एक मकान में घुस गई। इस घटना में नमन और कार में पीछे बैठी कल्पना पत्नि चिराग मित्तल उम्र 30 वर्ष की मौत हो गई। जबकि कल्पना का पति चिराग और अंकुर सहगल, उनकी पत्नि पलक सहगल, नमन की पत्नि डोली अग्रवाल और दोनों बच्चे लवित व भानी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना इतनी भीषण थी कि आस-पास के लोग धमाके जैसी अवाज सुनकर जाग गए और उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही डायल 100 को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची डायल 100 घायलों को लेकर गुना अस्पताल पहुंची। जहां रास्ते में कल्पना और नमन ने दम तोड़ दिया।

दुर्घटना की जानकारी के बाद शिवपुरी में शोक का माहौल 

गुना जिले के बीनागंज में शिवपुरी के युवा व्यवसायियोंं के  साथ हुई इस भीषण दुर्घटना की जानकारी जैसे ही शिवपुरी शहर पहुंची तो शहर में शोक का माहौल निर्मित हो गया और व्हॉट्सएप तथा फेसबुक पर लोगों ने अपनी संवेदनाएं देनी शुरू कर दीं। वहीं शहर की समाजसेवी संस्था मानव वेलफेयर सोसायटी के संयोजक संतोष शिवहरे और संस्था के सदस्यों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। श्री शिवहरे ने बताया कि नमन और अंकुर उनकी सोसायटी के पदाधिकारी है और शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों में अपनी पहचान रखते हैं। यह दुर्घटना शहरवासियों को दुख देने वाली है। उन्होंंने मृतकों के परिजनों को इस दुखद समय में संवल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

चार माह पहले हुआ था मृतक नमन का विवाह

दुर्र्घटना में मृत हुए कपड़ा व्यवसायी नमन अग्रवाल का विवाह फरवरी माह में डोली के साथ हुआ था और वह हनीमून के लिए विदेश जाने की तैयारी कर रहे थे। जिसके लिए नमन ने अपने मित्रों को भी तैयार कर लिया था। जो सभी मिलकर पासपोर्ट बनवाने शिवपुरी से भोपाल गए थे। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। विदेश जाने से पहले ही नमन दुनिया से उठ गए।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!