पोहरी विधानसभा क्षेत्र में पहले दिन 22 गांवों में पहुंची कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव ने हरी झण्डी दिखाकर यात्रा को किया था रवाना

शिवपुरी। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी

के तत्वाधान में किसान कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा पोहरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा भगाओ, किसान बचाओ परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है जिसका शुभारंभ कल 29 मई को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव ने अपने निवास स्थान पर यात्रा रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया। पहले दिन परिवर्तन यात्रा पोहरी विधानसभा क्षेत्र के 22 गांवों में पहुंची और वरिष्ठ कांग्रेस नेता केशव सिंह तोमर, प्रदेश संयोजक अनु. जाति केएल राय, मण्डी कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एनपी शर्मा और राजेन्द्र पिपलौदा का दावा है कि  यात्रा को क्षेत्र में भरपूर समर्थन मिला तथा किसान भाई एवं समाज का प्रत्येक वर्ग भाजपा सरकार को उखाडऩे के लिए दृढ़ संकल्पित नजर आ रहा है। यात्रा में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

यात्रा प्रथम दिन विधानसभा क्षेत्र के तिमानी, सालौदा, सरजापुर, खैरा, बेधारी, हरनिवास, गुढ़ा, वीलवरा, मायापुर, बमरा, राठखेड़ा, रानीपुरा, घटाई, भैंसदा, बैसी, पठा, परासरी, लोखरी, अगर्रा, भावखेड़ी, उपसिल, लक्ष्मीपुरा आदि ग्रामों एवं इस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टपरों पर पहुंची जहां पर लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत एवं उपस्थित होकर अपना समर्थन व्यक्त किया। यात्रा के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं को भी नेतागणों के समक्ष रखा। ग्रामीणजनों ने बताया कि किस तरह भाजपा सरकार में किसान एवं मजदूरों की दुर्दशा हो रही है। उन्हें अपनी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। सभी कांग्रेसजनों ने जनता को विश्वास दिलाया कि वह उनकी हक की लड़ाई हर मुकाम पर लड़ेंगे।