पिछोर पुलिस ने चार दुकानों पर मारा एक साथ छापा, 98 लीटर नकली कैस्ट्रॉल आयल किया जब्त

शिवपुरी। कैस्ट्रॉल आयल कंपनी को सूचना मिली थी कि पिछोर क्षेत्र में कुछ दुकानदारों द्वारा नकली कैस्ट्रॉल आयल बेचा जाता है। सूचना के आधार पर महाराष्ट्र से कैस्ट्रॉल आयल कंपनी के निरीक्षक संदीप सबर बुधवार को पिछोर आए और उन्होंने पहले इन दुकानों से जाँच के लिए कैस्ट्रॉल आयल खरीदा तो उक्त कैस्ट्रॉल आयल नकली पाया गया। इसके बाद निरीक्षक संदीप पिछोर थाने पहुंचे और उक्त दुकानों पर कार्यवाही की बात कही। एसआई अंशुल गुप्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा चारों दुकानों पर एक साथ छापा मारने को निर्णय लिया जिससे कि दुकानदार भाग न सकें। इसके बाद एसआई अंशुल गुप्ता, एसआई अशोक बाबू शर्मा, एएसआई अरिवंद भदौरिया, एएसआई भदौरिया, आरक्षक सुमित सेंगर सहित पुलिस बल ने चार टीमें बनाकर एक साथ दुकानों पर छापामार कार्यवाही की। कार्यवाही के दौरान दुकानों से 98 लीटर कैस्ट्रॉल आयल के नकली डिब्बे पाए गए। 

यह दुकानें आई कार्यवाही की जद में

छापामार कार्यवाही की जद में डाक बंगला के सामने स्थित महेश कुमार गुप्ता पुत्र हरभजन गुप्ता निवासी बड़ा बाजार पिछोर की दुकान आई। दुकानदार डुप्लीकेट आयल बेचता हुआ गया जिसके कब्जे से 22 डिब्बे नकली कैस्ट्रॉल आयल के पाए गए। इसके बाद पास में ही स्थित कृष्णकांत साहू पुत्र  देवलाल साहू निवासी तहसील मोहल्ला पिछोर की दुकान पर से 45 डिब्बे नकली कैस्ट्रॉल आयल के जब्त किए। इसके बाद शिवपुरी रोड पिछोर पर स्थित संतोष मिश्रा निवासी ठाकुर बाबा कॉलोनी पिछोर की दुकान से 11 डिब्बे नकली कैस्ट्रॉल आयल और दीपेश लोधी पुत्र कमल सिंह लोधी निवासी नगर पालिका के पीछे पिछोर की दुकान से 20 डिब्बे कैस्ट्रॉल आयल के नकली पाए गए। पुलिस ने चारों दुकानदारों के खिलाफ धारा 486 ताहि व्यापार एवं पण्य वस्तु चिन्ह अधि. 1958 की धारा 104 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया।